| |

अमेरिकी जनता ने ट्रंप की टैरिफ नीति को बताया महंगाई की वजह, सर्वे में बढ़ते खर्चों को लेकर जताई नाराज़गी

अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ नीति को लेकर असंतोष बढ़ता जा रहा है। एक हालिया सर्वेक्षण में सामने आया है कि अमेरिकी जनता का बड़ा हिस्सा मानता है कि ट्रंप की टैरिफ नीति ने उनके रोजमर्रा के जीवन को कठिन बना दिया है और पारिवारिक बजट पर सीधा असर डाला है।

सर्वे के अनुसार, 10 में से 7 अमेरिकियों ने कहा कि वे पिछले वर्ष की तुलना में इस साल किराने के सामान पर अधिक खर्च कर रहे हैं। वहीं, 10 में से 6 लोगों ने बताया कि बिजली, गैस और अन्य उपयोगिता सेवाओं के बिल बढ़ गए हैं, जबकि 10 में से 4 नागरिकों ने कहा कि उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं, आवास और ईंधन पर भी पहले से अधिक पैसा खर्च करना पड़ रहा है।

ज़्यादातर नागरिकों ने माना कि पिछले एक साल में उनके गृहस्थी खर्चों में तेज़ वृद्धि हुई है। कई लोगों ने यह भी कहा कि टैरिफ नीति के कारण दुकानों में रोजमर्रा की वस्तुएं महंगी हो गई हैं और बजट बिगड़ गया है।

सर्वे में यह भी पाया गया कि 65 प्रतिशत अमेरिकियों ने ट्रंप की टैरिफ नीति को अस्वीकार किया है। उनका कहना है कि इन नीतियों से न सिर्फ मुद्रास्फीति बढ़ी है, बल्कि अर्थव्यवस्था की स्थिरता पर भी असर पड़ा है। विशेषज्ञों का कहना है कि भारी टैरिफ लगाने से अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर नकारात्मक असर हुआ है, खासकर भारत जैसे देशों के साथ, जिन पर अमेरिका ने 50 प्रतिशत तक टैरिफ लगाया है।

आर्थिक विश्लेषकों का मानना है कि इस नीति से घरेलू बाजार में महंगाई बढ़ने के साथ-साथ वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला पर भी असर पड़ा है। ट्रंप प्रशासन का दावा है कि यह नीति अमेरिकी उद्योगों की सुरक्षा के लिए थी, लेकिन सर्वे परिणाम इसके विपरीत जनभावना को दर्शाते हैं।

Share

Similar Posts