विधायक अभय मिश्रा को घसीट कर ले गई पुलिस: समर्थकों को खदेड़ा; सिरमौर चौराहे में कल्पना के पिता का कर रहे थे सपोर्ट
रीवा। कल्पना मिश्रा के पिता को सिरमौर चौराहे से हटाकर अस्पताल भेजे जाने के विरोध में गुरुवार दोपहर 1 बजे विधायक अभय मिश्रा समर्थकों के साथ सिरमौर चौराहे पहुंचे।
पुलिस और प्रशासन की टीम पहले से मौके पर तैनात थी। विधायक और अधिकारियों के बीच काफी देर तक बहस हुई। इसके बाद पुलिस ने अभय मिश्रा को मौके से हटाकर हिरासत में ले लिया।
एसडीएम और विधायक के बीच काफी देर हुई बहस
सिरमौर चौराहे पर पहुंचने के बाद विधायक ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से पूछा कि लोगों को वहां एकत्र होने से क्यों रोका जा रहा है। उन्होंने धारा 144 लागू होने को लेकर भी अधिकारियों से सवाल किए। इसी दौरान एसडीएम अनुराग तिवारी और विधायक के बीच काफी देर तक बहस हुई। प्रशासन की ओर से चौराहे पर भीड़ नहीं लगाने और वहां से हटने के लिए कहा गया।
समर्थकों और पुलिस के बीच खींचतान
बहस के दौरान विधायक ने पुलिसकर्मियों से कहा कि उन्हें हाथ न लगाया जाए। मामला बढ़ने पर पुलिसकर्मियों ने उन्हें मौके से हटाया। इस दौरान पुलिस उन्हें पकड़कर ले जाती दिखाई दी। कुछ देर तक समर्थकों और पुलिस के बीच खींचतान की स्थिति भी बनी रही।
विधायक बोले- परिवार की मांग दबाई नहीं जा सकती
हिरासत में लिए जाने से पहले अभय मिश्रा ने पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि कल्पना मिश्रा के परिवार की मांग को लेकर वे यहां पहुंचे हैं और परिवार को न्याय मिलने तक उनकी आवाज उठाते रहेंगे। विधायक ने पुलिस कार्रवाई को लेकर अधिकारियों पर आरोप भी लगाए। ये आरोप विधायक अभय मिश्रा की ओर से लगाए गए हैं।