इंदौर आए CM मोहन यादव: कहा-50 लाख लोगों की प्रॉपर्टी रजिस्ट्री मुफ्त; PM विश्वकर्मा योजना आज से लागू

इंदौर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर मध्यप्रदेश में ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए बड़े अभियान की शुरुआत होने जा रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मीडिया से चर्चा करते हुए इस अभियान को प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि दुनिया के लोकप्रिय नेताओं में शामिल देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन और भगवान विश्वकर्मा जयंती एक साथ मनाई जा रही है।
सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री के सुशासन और सेवा संकल्प से जुड़े महाअभियान के तहत प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले 50 लाख से अधिक लोगों के लिए उनके स्वयं के भूखंड की रजिस्ट्री कराने की दिशा में बड़ा फैसला लिया जा रहा है।
रजिस्ट्री निशुल्क उपलब्ध कराने का संकल्प लेंगे
डॉ मोहन ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य बनने जा रहा है, जहां ग्रामीण क्षेत्र के रहवासियों को उनके भूखंड की रजिस्ट्री नि:शुल्क उपलब्ध कराने का संकल्प लिया जा रहा है। डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के साथ भगवान विश्वकर्मा की जयंती भी है। भगवान विश्वकर्मा के जीवन और उनकी कार्यकुशलता को सामने रखते हुए केंद्र सरकार ने पीएम विश्वकर्मा योजना लागू की है।
पारंपरिक कारीगरों को देंगे आर्थिक अवसर
इस योजना के माध्यम से पारंपरिक कारीगरों और विभिन्न व्यवसायों से जुड़े लोगों को रोजगार और आर्थिक अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब और जरूरतमंद वर्ग के साथ-साथ कलाकारों तथा पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े लोगों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष भी मौजूद रहेंगे
मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर इंदौर से शुरू होने वाले कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की मौजूदगी रहेगी। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए इंदौरवासियों और कार्यकर्ताओं की ओर से तैयारियों की जानकारी भी दी।