रीवा में कल्पना मिश्रा मौत मामले में ड्यूटी डॉक्टर सस्पेन्ड; 2 डॉक्टरों और 2 स्टाफ को भी किया था निलंबित; 7 सदस्यीय कमेटी करेगी जांच

रीवा। संजय गांधी अस्पताल में प्रसूता कल्पना मिश्रा और उसके नवजात बच्चे की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने ड्यूटी डॉक्टर डॉ. सोनल अग्रवाल को बुधवार रात सेवा से सस्पेन्ड कर दिया।
इससे पहले इलाज में लापरवाही के आरोपों के चलते डॉ. सोनल अग्रवाल, एनेस्थीसियोलॉजिस्ट डॉ. निधि पांडे और स्टाफ नर्स साधना वर्मा व सीमा मुजालदे को निलंबित किया जा चुका था।
जच्चा-बच्चा की मौत के बाद अस्पताल में हुए हंगामे और परिजनों के आरोपों के बीच स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई शुरू की थी। शुरुआती कार्रवाई में इलाज के दौरान ड्यूटी पर मौजूद 2 डॉक्टरों और 2 स्टाफ नर्स को निलंबित किया गया।
डॉ. सुनील अग्रवाल का तबादला किया था
इसके बाद अस्पताल के प्रशासनिक स्तर पर भी कार्रवाई हुई। डीन डॉ. सुनील अग्रवाल का तबादला किया गया, जबकि अधीक्षक डॉ. राहुल मिश्रा को पद से हटा दिया गया। अब बुधवार रात डॉ. सोनल अग्रवाल को सेवा से बर्खास्त किए जाने की कार्रवाई सामने आई है। इससे मामले में विभागीय कार्रवाई का दायरा और बढ़ गया है।

7 सदस्यीय कमेटी करेगी मामले की विस्तृत जांच
मामले की विस्तृत जांच के लिए गठित कमेटी को अब 5 सदस्यीय से बढ़ाकर 7 सदस्यीय कर दिया गया है। कमेटी इलाज के दौरान अपनाई गई प्रक्रिया, मेडिकल रिकॉर्ड और ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों व स्टाफ की भूमिका समेत मौत से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच करेगी। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई तय की जाएगी।