| | |

इंदौर के JMB ग्रुप पर GST विभाग की कार्रवाई: तीन स्टोर पर पहुंची DGGI की टीम; जांच जारी

इंदौर। शहर के प्रसिद्ध मिठाई और नमकीन कारोबारी JMB ग्रुप के तीन स्टोर पर बुधवार दोपहर डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (DGGI) की टीम पहुंची। जानकारी के अनुसार विभाग की टीम ग्रुप के स्टोर्स पर कर संबंधी दस्तावेजों और खरीदी-बिक्री से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है। कार्रवाई के दौरान तीनों स्टोर्स के अंदर जांच जारी है।

जानकारी के मुताबिक टीम कलेक्टोरेट क्षेत्र के मोती तबेला स्थित पुराने स्टोर, स्कीम नंबर 140 स्थित स्टोर और रेसकोर्स रोड पर हाल ही में शुरू हुए बड़े स्टोर पर मौजूद है। जांच के दौरान स्टोर्स के शटर अंदर से बंद कर दिए गए हैं, ताकि कार्रवाई प्रभावित न हो। दोपहर से टीम द्वारा दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

ड्राय फ्रूट्स की खरीदी से जुड़ा मामला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जांच ड्राय फ्रूट्स की खरीदी और उससे जुड़े जीएसटी रिकॉर्ड को लेकर की जा रही है। विभाग को कथित तौर पर ऐसी जानकारी मिली थी कि बड़ी मात्रा में ड्राय फ्रूट्स की खरीदी बिना बिल या कच्चे में किए जाने की आशंका है। मिठाई में मावे के मुकाबले ड्राय फ्रूट्स के बढ़ते इस्तेमाल को भी जांच से जोड़कर देखा जा रहा है।

हालांकि, जांच पूरी होने और विभाग की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि रिकॉर्ड में किस तरह की अनियमितता पाई गई है।

1954 में हुई थी JMB ग्रुप की शुरुआत
JMB ग्रुप की शुरुआत इंदौर में 1954 में मांगीलाल जैन ने की थी। वर्तमान में परिवार के सदस्य अलग-अलग नामों से कारोबार संचालित करते हैं। जानकारी के अनुसार विकास जैन ‘जैन उत्तम भोग’ के नाम से कारोबार संचालित करते हैं, जबकि अनिल जैन JMB के नाम से कारोबार का संचालन करते हैं। बुधवार की कार्रवाई अनिल जैन के ग्रुप से जुड़े प्रतिष्ठानों पर होने की जानकारी है।

Share