जूनियर इंदौर जिला बैडमिंटन में काव्य शर्मा को दोहरा खिताब: ओम पटेल, ओजस्वी भालावे और कृति तिवारी एकल वर्ग में विजेता

इंदौर। काव्य शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंदौर जिला बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा आयोजित राजरतन फाउंडेशन जूनियर जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 में दोहरा खिताब हासिल किया। उन्होंने बालक एकल 17 वर्ष आयु वर्ग में एकल और वीर खरे के साथ मिलकर युगल खिताब जीता। बालक एकल 19 वर्ष में ओम पटेल और बालिका एकल में कृति तिवारी विजेता बने।
काव्य ने एकल-युगल दोनों खिताब जीते
नेहरू स्टेडियम बैडमिंटन हॉल में आयोजित स्पर्धा के बालक एकल 17 वर्ष फाइनल में काव्य शर्मा ने जय सोनी को 15-7, 15-11 से हराया और फिर वीर खरे के साथ जोड़ी बनाकर बालक युगल 17 वर्ष में जय सोनी एवं प्रज्ञान सलूजा की जोड़ी को रोमांचक मुकाबले में 15-12, 10-15, 15-6 से हराकर दोहरा खिताब अपने नाम किया।
तीसरा खिताब चूक गए
बालक एकल 19 वर्ष फाइनल में भी काव्य शर्मा ने टॉप सीड ओम पटेल को कड़ी टक्कर दी, लेकिन तीसरा खिताब जीतने से चूक गए। ओम पटेल ने इस अंतिम मुकाबले में काव्य शर्मा को 15-9, 6-15, 16-14 से पराजित कर जिला विजेता बनने का गौरव हासिल किया। युगल वर्ग के फाइनल में वीर खरे और भव्य पुरोहित की जोड़ी ने अनय कृष्णा बिंजू और युवराज तिवारी को 15-12, 15-7 से हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
ओजस्वी और कृति पहली बार चैंपियन
बालिका एकल 17 वर्ष आयु वर्ग के फाइनल में ओजस्वी भालावे ने दिवा चौकसे को 17-15, 15-13 से हराकर पहली बार इस वर्ग में जिला विजेता बनने का गौरव हासिल किया। बालिका एकल 19 वर्ष आयु वर्ग में कृति तिवारी पहली बार विजेता बनीं। कृति ने खिताबी मुकाबले में गिरिजा जाधव को 15-11, 15-9 से हराया।
रेनी-तन्वी का युगल में दबदबा
17 वर्ष बालिका युगल फाइनल में रेनी अग्रवाल और तन्वी दुबे ने दीर्घा अहिरवार और जया यादव की जोड़ी को 15-8, 9-15, 15-11 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं बालिका युगल 19 वर्ष फाइनल में रेनी अग्रवाल और तन्वी दुबे ने जया यादव और देविशी केलोत्रा को 15-12, 15-8 से हराकर युगल वर्ग में दोहरी खिताबी सफलता हासिल की।
आरव को बेस्ट प्लेयर अवॉर्ड
स्पर्धा का पुरस्कार वितरण इंदौर विकास प्राधिकरण के सम्पदा अधिकारी श्यामू श्रीवास्तव और राजरतन फाउंडेशन के अक्षय अत्री के आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर पूर्व राज्य विजेता श्याम मंगल, राजरतन फाउंडेशन के शुभम जैन, श्वेतांग वर्मा, संगठन अध्यक्ष डॉ. अनिल भंडारी और मानद सचिव आर.पी. सिंह नैयर मौजूद थे। आरव राज सिंह बग्गा को बेस्ट प्लेयर अवॉर्ड मिला। 11 वर्षीय ईशम सलूजा को युवा प्रतिभा के रूप में तथा स्पर्धा के सफल संचालन के लिए सुधांशु व्यास और डिप्टी रेफरी प्रभज्योत सिंह नैयर को भी सम्मानित किया गया।