अबू धाबी में होगा IIFA Awards 2027: सलमान-करीना समेत कई सितारे होंगे शामिल; 2000 से अब तक अवॉर्ड्स का पूरा सफर

मुंबई। इंटरनेशनल इंडियन फिल्म एकेडमी (IIFA) अवॉर्ड्स का 27वां संस्करण 22 और 23 जनवरी 2027 को अबू धाबी में होगा। इस कार्यक्रम में सलमान खान, करीना कपूर खान और शाहिद कपूर समेत कई बॉलीवुड सितारे शामिल होंगे।

करण जौहर, वरुण धवन, जाह्नवी कपूर, पंकज त्रिपाठी और अली फजल भी कार्यक्रम का हिस्सा होंगे। दो दिन के इस इवेंट में अवॉर्ड्स के साथ सितारों की परफॉर्मेंस भी होगी।

IIFA 2027 का आयोजन अबू धाबी के यास आइलैंड स्थित एतिहाद एरिना में किया जाएगा। अबू धाबी में IIFA का यह चौथा आयोजन होगा। कार्यक्रम डिपार्टमेंट ऑफ कल्चर एंड टूरिज्म अबू धाबी और मिराल के साथ साझेदारी में होगा।

2025 में ‘लापता लेडीज’ ने जीते थे 10 अवॉर्ड
IIFA का सिल्वर जुबली समारोह 8 और 9 मार्च 2025 को जयपुर में हुआ था। इसमें बॉलीवुड के कई सितारे शामिल हुए थे। इस समारोह को कार्तिक आर्यन और करण जौहर ने होस्ट किया था। किरण राव की फिल्म ‘लापता लेडीज’ ने सबसे ज्यादा 10 प्रमुख अवॉर्ड जीते थे। इनमें बेस्ट पिक्चर और बेस्ट डायरेक्टर जैसे पुरस्कार शामिल थे।

2026 का आयोजन टला था
पहले IIFA 2026 का आयोजन अगस्त-सितंबर में दक्षिण-पूर्व एशिया में होना था। बड़े स्तर की तैयारियों और अंतरराष्ट्रीय तारीखों के तालमेल के कारण इसे आगे बढ़ा दिया गया। अब इसका आयोजन जनवरी 2027 में होगा।

आईफा अवार्ड्स टाइमलाइन (2000–2025)

वर्षजगहहोस्टबेस्ट फिल्म
2000लंदन, यूनाइटेड किंगडमयुक्ता मुखी, अनुपम खेरहम दिल दे चुके सनम
2001सन सिटी, दक्षिण अफ्रीकाप्रियंका चोपड़ा, कबीर बेदीकहो ना… प्यार है
2002जेंटिंग हाइलैंड्स, मलेशियालारा दत्तालगान
2003जोहान्सबर्ग, दक्षिण अफ्रीकाअनिल कपूर, दीया मिर्जादेवदास
2004सिंगापुरराहुल खन्नाकल हो ना हो
2005एम्स्टर्डम, नीदरलैंड्सशाहरुख खान, फरदीन खान, करण जौहरवीर-जारा
2006दुबई, यूएईफरदीन खान, लारा दत्ताब्लैक
2007शेफील्ड, यूनाइटेड किंगडमबोमन ईरानी, लारा दत्तारंग दे बसंती
2008बैंकॉक, थाईलैंडबोमन ईरानी, रितेश देशमुखचक दे! इंडिया
2009मकाऊबोमन ईरानी, रितेश देशमुख, लारा दत्ताजोधा अकबर
2010कोलंबो, श्रीलंकाबोमन ईरानी, रितेश देशमुख, लारा दत्ता3 इडियट्स
2011टोरंटो, कनाडाबोमन ईरानी, रितेश देशमुखदबंग
2012सिंगापुरशाहिद कपूर, फरहान अख्तरजिंदगी ना मिलेगी दोबारा
2013मकाऊशाहरुख खान, शाहिद कपूरबर्फी!
2014टाम्पा, अमेरिकाशाहिद कपूर, फरहान अख्तरभाग मिल्खा भाग
2015कुआलालंपुर, मलेशियाअर्जुन कपूर, रणवीर सिंहक्वीन
2016मैड्रिड, स्पेनशाहिद कपूर, फरहान अख्तरबजरंगी भाईजान
2017न्यू जर्सी, अमेरिकाकरण जौहर, सैफ अली खाननीरजा
2018बैंकॉक, थाईलैंडकरण जौहर, रितेश देशमुखतुम्हारी सुलु
2019मुंबई, भारतआयुष्मान खुराना, अपारशक्ति खुरानाराजी
2021कोविड-19 के कारण समारोह रद्दविजेताओं की घोषणा ऑनलाइन हुईकबीर सिंह
2022अबू धाबी, यूएईसलमान खान, रितेश देशमुख, मनीष पॉलशेरशाह
2023अबू धाबी, यूएईविक्की कौशल, अभिषेक बच्चनदृश्यम 2
2024अबू धाबी, यूएईशाहरुख खान, करण जौहर, विक्की कौशलएनिमल
2025जयपुर, भारतकरण जौहर, कार्तिक आर्यनलापता लेडीज


2000 में शुरू हुआ था IIFA
IIFA अवॉर्ड्स की शुरुआत साल 2000 में हुई थी। पहला समारोह 24 जून 2000 को लंदन के मिलेनियम डोम में हुआ था। पहले समारोह में ‘हम दिल दे चुके सनम’ को बेस्ट फिल्म का अवॉर्ड मिला था।

इसके बाद IIFA का आयोजन हर साल अलग-अलग देशों में किया गया। भारत के अलावा यह समारोह दक्षिण अफ्रीका, मलेशिया, सिंगापुर, नीदरलैंड्स, दुबई, थाईलैंड, मकाऊ, श्रीलंका, कनाडा, अमेरिका और स्पेन जैसे देशों में भी हुआ।

कोरोना के कारण 2021 में समारोह नहीं हुआ
साल 2021 में कोरोना महामारी के कारण IIFA समारोह रद्द कर दिया गया था। उस साल विजेताओं के नाम सोशल मीडिया के जरिए बताए गए थे।

इसके बाद 2022 में अबू धाबी में IIFA का आयोजन हुआ। 2023 में ‘दृश्यम 2’, 2024 में ‘एनिमल’ और 2025 में ‘लापता लेडीज’ को बेस्ट फिल्म का अवॉर्ड मिला।

इसके अलावा लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड, स्टाइल आइकन, स्टाइल डीवा और एंटरटेनर ऑफ द ईयर जैसे विशेष पुरस्कार भी दिए जाते हैं।

‘3 इडियट्स’ और ‘देवदास’ ने जीते 16-16 अवॉर्ड
IIFA के इतिहास में कई फिल्मों ने एक ही समारोह में बड़ी संख्या में पुरस्कार जीते हैं। ‘3 इडियट्स’ और ‘देवदास’ ने एक समारोह में 16-16 अवॉर्ड जीते हैं। वहीं ‘कल हो ना हो’, ‘बर्फी!’ और ‘भाग मिल्खा भाग’ ने 14-14 पुरस्कार अपने नाम किए।

अभिनेताओं में ऋतिक रोशन और शाहरुख खान ने बेस्ट एक्टर और बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर को मिलाकर 5-5 पुरस्कार जीते हैं। महिला कलाकारों में रानी मुखर्जी ने बेस्ट एक्ट्रेस और बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस को मिलाकर 5 पुरस्कार जीते हैं।

विनर कैसे चुने जाते हैं?
IIFA की कुछ लोकप्रिय कैटेगरी में दर्शकों की वोटिंग अहम होती है। इनमें बेस्ट एक्टर, बेस्ट एक्ट्रेस और बेस्ट फिल्म जैसी कैटेगरी शामिल हैं। दर्शक ऑनलाइन वोटिंग के जरिए अपने पसंदीदा कलाकारों और फिल्मों को वोट देते हैं।

कुछ कैटेगरी में पब्लिक वोटिंग के साथ जूरी का फैसला भी शामिल होता है। वहीं कुछ पुरस्कारों के विजेता IIFA के चयन पैनल द्वारा तय किए जाते हैं। वोटिंग प्रक्रिया की निगरानी स्वतंत्र ऑडिटर्स द्वारा भी की जाती है।

Share