खातेगांव में कोलारी-नवलगांव मार्ग कीचड़ से बदहाल: 6 KM का रास्ता खराब; ग्रामीणों ने SDM को सौंपा ज्ञापन

खातेगांव। देवास जिले की खातेगांव विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 173 में ग्राम कोलारी से नवलगांव को जोड़ने वाला कच्चा मार्ग बारिश के बाद बदहाल हो गया है। करीब 6 किलोमीटर लंबा यह रास्ता जगह-जगह कीचड़ और जलभराव से घिर गया है। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीणों के लिए पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है।
कोलारी और नवलगांव के बीच रहने वाले करीब 35 से 40 परिवार रोज इसी रास्ते से आवाजाही करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सबसे ज्यादा परेशानी बीमार मरीजों, बच्चों और बुजुर्गों को होती है। बारिश के दौरान रास्ते पर कीचड़ इतना बढ़ जाता है कि आवागमन मुश्किल हो जाता है।
ग्रामीणों ने SDM कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन
सड़क की बदहाली से परेशान ग्रामीण एकजुट होकर खातेगांव SDM कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर कोलारी से नवलगांव के बीच करीब 6 किलोमीटर हिस्से में CC सड़क निर्माण की स्वीकृति देने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क का पक्का निर्माण जल्द शुरू कराया जाए, ताकि बारिश के दिनों में होने वाली रोजाना की परेशानी से राहत मिल सके।
समय पर सड़क नहीं बनी तो आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों का कहना है कि कच्चे मार्ग के कारण लंबे समय से परेशानी बनी हुई है। बारिश में स्थिति और ज्यादा खराब हो जाती है। उन्होंने प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण की कार्रवाई शुरू करने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सड़क का पक्का निर्माण नहीं कराया गया तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।