बड़वानी में PM कॉलेज ग्राउंड की बदहाली पर छात्रों का धरना: 400 मीटर ट्रैक, गर्ल्स चेंजिंग रूम समेत सुरक्षा व्यवस्था की मांग

बड़वानी। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय शहीद भीमा नायक महाविद्यालय के खेल मैदान की बदहाली और खिलाड़ियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर छात्रों का अनिश्चितकालीन प्रदर्शन गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। छात्रों ने बुधवार सुबह से प्रदर्शन शुरू किया था, जो दिनभर के बाद रातभर भी जारी रहा। छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन के सामने 17 सूत्रीय मांगें रखी हैं।
छात्रों का कहना है कि इन समस्याओं के समाधान की मांग पिछले करीब ढाई साल से की जा रही है, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसी के चलते छात्रों ने अनिश्चितकालीन सत्याग्रह शुरू किया है।
महिला खिलाड़ियों को सुविधाओं की समस्या
बीपीएड छात्रा मीरा जाधव ने बताया कि महिला शौचालय और चेंजिंग रूम में अक्सर ताला लगा रहता है। इससे छात्राओं और महिला खिलाड़ियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। छात्रों ने शाम के समय सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था नहीं होने की बात भी कही है। उनका कहना है कि इस दौरान मैदान में असामाजिक तत्वों की मौजूदगी की शिकायतें भी सामने आती हैं।

400 मीटर ट्रैक समेत इन सुविधाओं की मांग
छात्रों ने खेल मैदान में 400 मीटर ट्रैक, पानी की निकासी की व्यवस्था, लॉन्ग जंप पिट, फ्लड लाइट, सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा जाली, ग्राउंड्समैन और खेल सामग्री उपलब्ध कराने समेत कुल 17 मांगें रखी हैं। छात्रों का कहना है कि खेल सुविधाओं के अभाव में खिलाड़ियों को अभ्यास करने में परेशानी होती है।
प्राचार्य बोलीं- 80 प्रतिशत मांगें पूरी
कॉलेज की प्राचार्य डॉ. वीणा सत्य ने बताया कि छात्रों की करीब 80 प्रतिशत मांगें पूरी की जा चुकी हैं। महिला शौचालय की समस्या का भी जल्द समाधान कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 400 मीटर ट्रैक के निर्माण के लिए सर्वे और अनुमान तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है। इसके बाद प्रस्ताव को मंजूरी के लिए भोपाल भेजा जाएगा। फिलहाल छात्रों का सत्याग्रह दूसरे दिन भी जारी है और वे अपनी सभी मांगों के समाधान की मांग पर अड़े हुए हैं।