राजस्थान नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण के चुनाव आज: 87 लाख मतदाता डालेंगे वोट; 14 सितंबर को होगी काउंटिंग
जयपुर। राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है। जयपुर सहित प्रदेश के 6 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 121 नगर पालिकाओं में शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे।
दूसरे चरण में 4,852 वार्डों के लिए 9,758 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 87 लाख 60 हजार 884 मतदाता 18,266 प्रत्याशियों के लिए मतदान करेंगे।
इन निकायों के 45 वार्डों में निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। वहीं, टोंक नगर परिषद के एक वार्ड में सभी प्रत्याशियों के नामांकन वापस लेने के बाद चुनाव का बहिष्कार किया गया है।
दूसरे चरण का मतदान पूरा होने के साथ ही प्रदेश की सभी 309 नगरीय निकायों के लिए मतदान प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। इसके बाद 14 सितंबर को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी।
कोटा में मंत्री मदन दिलावर ने डाला पहला वोट
कोटा में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने वार्ड 52 के भाग संख्या-2 स्थित बूथ पर मतदान किया। वे वोटिंग शुरू होने से 15 मिनट पहले ही मतदान केंद्र पहुंच गए थे। इस दौरान वे बार-बार घड़ी देखते नजर आए। सुबह 7 बजे मतदान शुरू होते ही मदन दिलावर ने पहला वोट डाला। इंद्र विहार स्थित निजी स्कूल में बनाए गए मतदान केंद्र पर भी सुबह 6.45 बजे से ही बुजुर्ग मतदाता वोट डालने पहुंचने लगे थे।