| |

बड़वानी में ग्रामीणों ने पकड़ी अवैध शराब: बाइक पर ले जा रहे थे दो पेटियां; ग्रामीणों को देखकर भागे

बड़वानी। सागर जिले में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद बड़वानी में ग्रामीण खुद पहरेदारी कर रहे हैं। जिला मुख्यालय से लगे ग्राम कल्याणपुरा के कौयड़िया-खोदरा में ग्रामीणों ने घेराबंदी कर अवैध शराब की दो पेटियां पकड़ीं। दो बाइक पर चार युवक दिनदहाड़े बड़वानी से कटोरा की ओर शराब ले जा रहे थे। ग्रामीणों को देखकर वे बाइक लेकर भाग गए।

ग्रामीणों ने रास्ते में की घेराबंदी
ग्रामीण सुखलाल बडोले ने बताया कि शुक्रवार सुबह ग्रामीणों को सूचना मिली थी। बड़वानी की तरफ से रोज की तरह शराब की पेटियां कटोरा क्षेत्र में ले जाने की बात सामने आई थी। इसके बाद कल्याणपुरा के पास कौयड़िया-खोदरा रास्ते पर ग्रामीणों ने घेराबंदी की। कुछ देर बाद सामने से दो बाइक पर चार युवक आते दिखे। उनके पास शराब की पेटियां थीं। ग्रामीणों ने उन्हें रोकने का इशारा किया। युवकों ने रुकने के बजाय बाइक की रफ्तार बढ़ा दी।

हड़बड़ी में सड़क पर गिर गईं पेटियां
बाइक तेज भगाने के दौरान हड़बड़ी में दो पेटियां सड़क पर गिर गईं। ग्रामीण कुछ समझ पाते, इससे पहले ही चारों युवक बाइक लेकर कटोरा की तरफ भाग गए। ग्रामीणों ने दोनों पेटियों को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद मामले की सूचना संबंधित विभाग को दी। ग्रामीणों के अनुसार एक पेटी सफेद शराब और एक पेटी केन बीयर की है।

ग्रामीण बोले- लंबे समय से चल रहा कारोबार
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार लंबे समय से खुलेआम चल रहा है। रोजाना इसी रास्ते से शराब ले जाने की बात भी ग्रामीणों ने कही है। इसको लेकर ग्रामीणों में आबकारी विभाग और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी है। ग्रामीणों ने बताया कि शराबबंदी की मांग को लेकर वे दो बार कलेक्टर की जनसुनवाई में आवेदन दे चुके हैं। आबकारी विभाग के दफ्तर भी गए हैं। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं हुई।

बोले- प्रशासन नहीं सुन रहा, इसलिए खुद संभालना पड़ा मोर्चा
ग्रामीणों ने कहा कि अब गांव में शराब नहीं बिकने देंगे। गांव से शराब बाहर भी नहीं जाने देंगे। शराब की लत से गांव उजड़ रहे हैं। नए-नए नौजवान इसकी चपेट में आ रहे हैं। इससे परिवार भी बर्बाद हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब प्रशासन उनकी बात नहीं सुन रहा है, तो उन्हें ही मोर्चा संभालना पड़ रहा है।

सागर की घटना के बाद भी नहीं रुका कारोबार
कटोरा निवासी कृष्णा नरगावे ने बताया कि सागर में जहरीली शराब से मौतों की घटना के बाद भी यहां अवैध शराब का कारोबार नहीं रुक रहा है। ग्रामीण लंबे समय से शराब बेचने वालों को समझा रहे हैं। इसके बावजूद स्थिति में बदलाव नहीं आया है।

Share