खड़े हनुमान मंदिर के समर्थन में आए विधायक मालवीय: बोले- रोड पर्याप्त चौड़ा; विकास और आस्था दोनों जरूरी

उज्जैन। भाजपा विधायक चिंतामणि मालवीय खड़े हनुमान पहुंचे और दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने मंदिर को यथास्थान रखने की बात कही। मालवीय ने कहा कि जनता की भावना मंदिर को बचाने की है। सड़क पर्याप्त चौड़ी हो चुकी है, इसलिए मंदिर हटाने की जरूरत नहीं है।
मालवीय ने कहा कि वे हनुमानजी के नियमित दर्शन करते हैं और प्रदेश की खुशहाली व विकास की कामना करते हैं। उन्होंने कहा कि विकास और आस्था दोनों को साथ लेकर चलना जरूरी है।
उन्होंने मंदिर की प्राचीनता पर जोर देते हुए कहा कि उज्जैन की पहचान धार्मिक और सांस्कृतिक नगरी के रूप में है। यहां हजारों साल पुराने मंदिर आज भी आस्था और परंपरा को जीवित रखे हैं।
राजसी सवारी की कही बात
उन्होंने कहा कि, सोमवार की राजसी सवारी निकली थीं। इसमें 8 से 10 लाख श्रद्धालु शामिल हुए, फिर भी यातायात और व्यवस्थाएं सुचारु रहीं। ऐसे में मंदिर हटाने की जरूरत नहीं है। उन्होंने बताया कि मामला मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संज्ञान में है। मालवीय ने उम्मीद जताई कि सरकार जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए फैसला करेगी।

मुख्यमंत्री तक भी पहुंच चूका है मामला
खड़े हनुमान मंदिर का मामला सामने आने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखा था। उन्होंने मंदिर को बचाते हुए विकास कार्य आगे बढ़ाने का सुझाव दिया। उमा भारती ने भोपाल में सड़क चौड़ीकरण के दौरान कमलापति पार्क के पास मस्जिद को यथावत रखते हुए बदले गए रोड प्लान का उदाहरण दिया। इसी तर्ज पर उज्जैन में भी मंदिर को यथास्थान रखकर रास्ता निकाला जा सकता है।