कल से MP में मानसून फिर एक्टिव: 12 जिलों में अलर्ट; इंदौर-उज्जैन समेत कई संभागों में बारिश

भोपाल। मध्यप्रदेश में तीन दिन के बाद मानसूनी सिस्टम फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को प्रदेश के 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
इनमें सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, मैहर, शहडोल, डिंडौरी, अनूपपुर, मंडला, बालाघाट, सिवनी और छिंदवाड़ा शामिल हैं। वहीं, 12 सितंबर से इंदौर, नर्मदापुरम और उज्जैन संभाग में भी बारिश शुरू होगी।
शुक्रवार को प्रदेश के बाकी जिलों में कहीं धूप तो कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, धार, देवास, रतलाम, झाबुआ, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, नर्मदापुरम, बैतूल, जबलपुर, ग्वालियर, सागर समेत कई जिलों में मौसम बदल सकता है।
तीन दिन से बारिश नहीं, गर्मी-उमस बढ़ी
प्रदेश में पिछले तीन दिनों से भारी बारिश नहीं होने के कारण गर्मी और उमस का असर बढ़ गया है। गुरुवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर में धूप खिली। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव क्षेत्र बना हुआ है और मानसून ट्रफ सक्रिय है। पश्चिमी हिस्से में चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है। इन सिस्टम के असर से प्रदेश में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है।
सीजन में अब तक 8% कम बारिश
मध्यप्रदेश में इस मानसून सीजन में अब तक 795.3 मिमी यानी 31.3 इंच बारिश दर्ज की गई है। सामान्य बारिश 862.5 मिमी यानी 33.9 इंच के मुकाबले यह करीब 2.6 इंच कम है। इस तरह प्रदेश में अब तक सामान्य से 8% कम बारिश हुई है। पूर्वी हिस्से में बारिश का आंकड़ा सामान्य से 2% कम, जबकि पश्चिमी हिस्से में 13% कम है।
33 जिलों में सामान्य से कम बारिश
प्रदेश के कई जिलों में अभी भी सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। पूर्वी हिस्से के बालाघाट, छिंदवाड़ा, डिंडौरी, दमोह, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, मंडला, रीवा, सागर और सिवनी में 2% से 25% तक कम बारिश हुई है।
यहां सामान्य से कम बारिश
पश्चिमी हिस्से के आगर-मालवा, आलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, देवास, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, खंडवा, मंदसौर, मुरैना, नर्मदापुरम, नीमच, बड़वानी, रायसेन, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, उज्जैन और विदिशा में भी सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है।
इन जिलों में ज्यादा बारिश
वहीं, अनूपपुर, छतरपुर, मैहर, मऊगंज, निवाड़ी, पन्ना, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़, उमरिया, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, दतिया, गुना, ग्वालियर, खरगोन, राजगढ़, श्योपुर और शिवपुरी में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।