| |

नीमच में नारकोटिक्स अधिकारी के घर पर छापा; 50 लाख के ऑनलाइन लेनदेन की जांच; बैंक स्टेटमेंट जब्त    

नीमच। गुरुवार देर शाम CBI की टीम ने केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) की कॉलोनी में एक वरिष्ठ अधिकारी सिद्धार्थ के सरकारी आवास पर छापा मारा। कार्रवाई देर रात तक जारी रही।

ड्रग्स जब्ती के एक मामले को दबाने और सेटलमेंट के लिए 50 लाख रुपए के संदिग्ध ऑनलाइन लेनदेन की जानकारी जांच एजेंसी को मिली थी।

रकम अधिकारी के खाते में सीधे ट्रांसफर करने के बजाय उनके एक करीबी रिश्तेदार के बैंक खाते में भेजी गई थी। सीबीआई इसी वित्तीय लेनदेन से जुड़े डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है।

घर में रिकॉर्ड और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खंगाले
CBI अधिकारियों ने सरकारी आवास में ड्रग्स जब्ती से जुड़े रिकॉर्ड, पुराने मामलों की फाइलें और जब्ती सूची की जांच की। टीम ने संदिग्ध बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज, ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के स्क्रीनशॉट और बैंक स्टेटमेंट भी कब्जे में लिए। इसके अलावा अधिकारी के लैपटॉप, स्मार्टफोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को भी जांच के लिए जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है।

 

CBN कार्यालय में मचा हड़कंप
CBI की कार्रवाई के बाद केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो कार्यालय में हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है। जांच की आंच आगे और अधिकारियों या अन्य लोगों तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। शुरुआती जांच के आधार पर आने वाले दिनों में मामले में और खुलासे हो सकते हैं।


आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ 
फिलहाल CBI की ओर से कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच टीम के CBI उदयपुर की होने की जानकारी सामने आई है। मामले में संदिग्ध लेनदेन और ड्रग्स जब्ती से जुड़े रिकॉर्ड की जांच जारी है।

Share