धार में 267 करोड़ के मेडिकल कॉलेज का काम धीमा: प्रमुख सचिव ने जताई नाराजगी; छात्राओं से पढ़ाई का स्तर भी जाना

धार। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत मध्यप्रदेश शासन के प्रमुख सचिव अशोक वर्णवाल ने जिले का दौरा किया। उन्होंने कन्या आवासीय परिसर और निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। कन्या आवासीय परिसर में प्रमुख सचिव ने छात्राओं से सीधे बातचीत की।
उन्होंने पढ़ाई, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों की जानकारी ली। कक्षा 12वीं की कला और गणित संकाय की छात्राओं से इतिहास और गणित के सवाल पूछे। इस दौरान उन्होंने छात्राओं के अध्ययन स्तर को भी परखा। छात्राओं ने भी उत्सुकता दिखाई। उन्होंने प्रमुख सचिव से उनकी प्रशासनिक सेवा की यात्रा और अनुभव के बारे में जानकारी ली।
प्रैक्टिकल और खेल सामग्री पर दिए निर्देश
प्रमुख सचिव ने प्रयोगशालाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने नियमित रूप से प्रैक्टिकल कराने के निर्देश दिए। बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी खेल सामग्री उपलब्ध कराने को भी कहा। इसके लिए उन्होंने कलेक्टर को निर्देश दिए।

मेडिकल कॉलेज की धीमी गति पर जताई नाराजगी
इसके बाद प्रमुख सचिव ने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। 25 एकड़ में करीब 267 करोड़ रुपए की लागत से मेडिकल कॉलेज का निर्माण हो रहा है। निर्माण कार्य अपेक्षित गति से शुरू नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा करने को कहा।

5 ब्लॉक में बनेंगे कॉलेज, अस्पताल और हॉस्टल
मेडिकल कॉलेज परिसर में जी प्लस-7 संरचना के तहत निर्माण प्रस्तावित है। इसमें 6 मंजिला कॉलेज भवन और 7 मंजिला अस्पताल बनाया जाएगा। इसके अलावा 9 मंजिला हॉस्टल और स्टाफ क्वार्टर भी बनाए जाएंगे। परिसर में कुल 5 ब्लॉक का निर्माण प्रस्तावित है।