|

BSNL पिल्लर से 60-65 माड्यूल जम्पर वायर चोरी: मेरठ के 4 आरोपी गिरफ्तार; 15 हजार का माल और वैगेनार जब्त

सेंधवा। खेतिया के टैगौर चौराहे पर लगे BSNL पिल्लर से 60 से 65 माड्यूल जम्पर वायर चोरी होने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी के माड्यूल जम्पर और तांबे के तार मिले हैं। पुलिस ने करीब 15 हजार रुपए का माल जब्त किया है। वारदात में इस्तेमाल वैगेनार कार भी जब्त की गई है। चारों आरोपी उत्तर प्रदेश के मेरठ के रहने वाले हैं।

10 सितंबर को दर्ज हुई थी शिकायत
10 सितंबर को फरियादी ने खेतिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया गया था कि टैगौर चौराहे पर BSNL  पिल्लर में लगे माड्यूल जम्पर वायर अज्ञात बदमाश काटकर चोरी कर ले गए हैं। रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 97/26 के तहत बीएनएस की धारा 303(2) में केस दर्ज किया। इसके बाद जांच शुरू की गई।

मुखबिर की सूचना पर चारों पकड़े गए
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक सुखलाल भवर ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। सूचना के आधार पर पुलिस ने फुरकान पिता वली मोहम्मद तेली (34), रिजवान पिता वली मोहम्मद तेली (32), मोहम्मद जुनेद पिता वली मोहम्मद तेली (23) और मोहम्मद सुहैल पिता ग्यासौद्दीन मुसलमान (25) को हिरासत में लिया। पूछताछ में चारों आरोपियों ने BSNL  पिल्लर से माड्यूल जम्पर और तांबे के तार चोरी करना स्वीकार किया।

 वैगेनार भी जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का माड्यूल जम्पर और तांबे के तार जब्त किए हैं। इनकी कीमत करीब 15 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल वैगेनार कार क्रमांक UP-15-DA-1572 भी जब्त की गई है। इसकी कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई गई है। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय खेतिया में पेश किया जाएगा।

इनकी रही कार्रवाई में भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुखलाल भवर, उप निरीक्षक अजमेरसिंह अलावा, प्रधान आरक्षक विजय भवेल, आरक्षक धर्मेन्द्र पटेल, संतोष अजनारे, लखनसिंह मंडलोई और सैनिक उज्जवल गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर और एसडीओपी राजपुर बीएल अटोदे के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।

Share