| | |

5-डे बैंकिंग की मांग पर उज्जैन में बैंककर्मियों का प्रदर्शन: फ्रीगंज से निकाली रैली; नारों से जताया विरोध

उज्जैन। शुक्रवार को बैंक कर्मचारियों की हड़ताल का असर नजर आया। 5-दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था की मांग को लेकर कर्मचारी और अधिकारी फ्रीगंज चौराहे पर जुटे।

दोपहर 12 बजे सभी ने एकजुट होकर रैली निकाली। हाथों में मांगों से जुड़े संदेश और नारों के साथ कर्मचारियों ने विरोध जताते हुए सरकार से जल्द निर्णय लेने की अपील की।

उज्जैन में बैंक कर्मचारियों की आवाज एक बार फिर 5-डे बैंकिंग व्यवस्था लागू करने को लेकर बुलंद हुई। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर कर्मचारियों ने हड़ताल की।

अधिसूचना जारी नहीं होने से नाराज 
यूनियन सह-संयोजक विपिन सिंह सतोरिया ने बताया कि दो साल से सरकार से लगातार चर्चा चल रही है। 8 मार्च 2024 को व्यवस्था लागू करने पर सहमति भी बनी थी, लेकिन वित्त मंत्रालय की अधिसूचना अब तक जारी नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी है।

तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल की चेतावनी
यूनियन ने चेतावनी दी है कि 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल की जाएगी। इसके बाद भी मांग नहीं मानी गई तो 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल का कदम उठाया जाएगा।

Share