इंदौर में छात्रा ने रची गैंगरेप की झूठी कहानी! CCTV से खुला राज, बॉयफ्रेंड गिरफ्तार
में एक छात्रा द्वारा दर्ज कराई गई कथित अपहरण और गैंगरेप की शिकायत ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की, लेकिन सीसीटीवी फुटेज और होटल रिकॉर्ड की पड़ताल में कहानी पूरी तरह बदल गई। जांच में सामने आया कि छात्रा अपने बॉयफ्रेंड के साथ होटल गई थी और घर देर से पहुंचने पर मां की डांट के डर से उसने झूठी कहानी गढ़ दी।
मामला इंदौर के Tilak Nagar थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, 17 वर्षीय छात्रा बुधवार को बंगाली चौराहा स्थित कोचिंग सेंटर गई थी, लेकिन कुछ देर बाद वह अपने बॉयफ्रेंड अंश के साथ विजयनगर क्षेत्र की एक होटल पहुंच गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि शाम करीब साढ़े सात बजे छात्रा को घर जाने की चिंता हुई। बॉयफ्रेंड अपने घर चला गया, जबकि छात्रा बायपास क्षेत्र पहुंच गई। वहां से उसने अपनी मां को कॉल कर अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म की कहानी बताई। पुलिस के मुताबिक, छात्रा ने कथित तौर पर कहानी को सच दिखाने के लिए खुद को हल्की चोट भी पहुंचाई थी।
CCTV और होटल रिकॉर्ड से खुला मामला
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कीं। एक टीम कोचिंग सेंटर पहुंची, जहां जानकारी मिली कि छात्रा कुछ ही मिनटों बाद वहां से निकल गई थी। CCTV फुटेज में भी वह वाहन से जाती दिखाई दी।
दूसरी टीम होटल पहुंची, जहां छात्रा और उसके बॉयफ्रेंड की एंट्री और आईडी रिकॉर्ड मिले। तीसरी टीम ने युवक अंश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने दोनों के पहले से मिलने की बात स्वीकार की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, छात्रा द्वारा लगाए गए आरोप जांच में सही नहीं पाए गए। हालांकि, छात्रा के नाबालिग होने के कारण युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है।
एडिशनल डीसीपी Amrendra Singh के मुताबिक, मामले में युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में कार्रवाई की गई है। साथ ही छात्रा के बयान न्यायालय में दर्ज कराए जा रहे हैं।





