MR-10 सड़क का डामरीकरण तेज, राजेंद्र राठौर ने किया निरीक्षण

Indore में मेट्रो कॉरिडोर निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त हुई मुख्य सड़क के डामरीकरण कार्य का निरीक्षण जनकार्य प्रभारी राजेंद्र राठौर ने किया। उन्होंने पं. दीनदयाल उपाध्याय चौराहा सुखलिया से चंद्रगुप्त चौराहा एमआर-10 तक पहुंचकर सड़क निर्माण की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

मेट्रो कॉरिडोर निर्माण कार्य के चलते इस मार्ग की सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे आम नागरिकों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। नागरिकों की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा सड़क के नवीनीकरण और संधारण कार्य शुरू किया गया है।

राजेंद्र राठौर ने कहा कि मार्ग का विकास तेजी से किया जा रहा है, ताकि लोगों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके। सड़क के सेंट्रल डिवाइडर और मीडियन का कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। डिवाइडर पर आकर्षक पौधारोपण के साथ आधुनिक लाइटिंग व्यवस्था भी स्थापित की जा रही है, जिससे मार्ग की सुंदरता और बढ़ेगी।

नगर निगम के अनुसार आने वाले समय में इस मार्ग को एक आदर्श सड़क के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे यातायात व्यवस्था और शहरी सौंदर्य दोनों को मजबूती मिलेगी।

Share

Similar Posts