| |

उज्जैन में व्यापारी महासंघ ने साफ रोड पर लगाई झाड़ू: निभाई औपचारिकता; गोगा नवमी पर विशेष अभियान 

उज्जैन। फ्रीगंज में गोगा नवमी पर विक्रमादित्य व्यापारी महासंघ के सदस्य सड़क पर झाड़ू लगाते नजर आए लेकिन सड़क पहले से ही साफ-सुथरी थी।

शहर के सभी 54 वार्डों में चले इस अभियान में आम लोगों से लेकर व्यापारी, सामाजिक संगठन, विद्यार्थी और जनप्रतिनिधि तक शामिल हुए।

गोगा नवमी के अवसर पर सफाई कर्मचारियों की छुट्टी रहती है इसलिए उज्जैन में स्वच्छता को लेकर नगर निगम ने विशेष अभियान शुरू किया था।

सफाई सिर्फ औपचारिकता 
फ्रीगंज में सफाई अभियान के दौरान सड़क पहले से ही साफ दिखाई दे रही थी। इसके बावजूद व्यापारी वहां झाड़ू लगाते नजर आए। इस दौरान तस्वीरें भी खिंचवाई गईं। नजारा सामने आने के बाद चर्चा शुरू हो गई कि जहां असल में कचरा जमा था, वहां सफाई करने के बजाय साफ सड़क पर अभियान चलाना क्या सिर्फ औपचारिकता तक सीमित रह गया?

निगम के अधिकारी भी हुए शामिल
निगम अध्यक्ष कलावती यादव, कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा समेत अधिकारी व सामाजिक संगठनों के सदस्य अभियान में उतरे। किन्नर समाज के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की। अधिकारियों ने खुद झाड़ू थामकर सफाई की। सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों से लेकर बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, टावर चौराहा और शहर के उद्यानों तक अलग-अलग इलाकों में स्वच्छता अभियान चलाया गया।

वार्ड 18 में सरकारी जमीन की सफाई
वार्ड 18 में स्वच्छता अभियान के दौरान खास पहल देखने को मिली। नेता प्रतिपक्ष रवि राय, उपयंत्री राघवेन्द्र सिंह और झोन-5 के झोनल अधिकारी राकेश वास्कले ने सफाईकर्मियों का हार-शाल से सम्मान कर उनका उत्साह बढ़ाया। इसके बाद टीम सुदामा नगर पहुंची, जहां सरकारी जमीन लंबे समय से खाली पड़ी थी। यहां अभियान चलाकर गंदगी और कचरा हटाया गया। अधिकारियों ने लोगों से आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील भी की।

आखिर क्यों आए अधिकारी
गोगा नवमी के दिन सफाई मित्रों के अवकाश के चलते नगर निगम ने शहरवासियों से स्वच्छता की जिम्मेदारी संभालने की अपील की। निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने अधिकारियों को अभियान को सिर्फ सफाई तक सीमित न रखते हुए जनजागरूकता से जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही पार्षदों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से लोगों को अभियान में शामिल करने की योजना बनाई गई।

Share