| | |

आज से 16 स्टेशनों से गुजरेगी इंदौर मेट्रो: CM मोहन और केंद्रीय मंत्री करेंगे शुभारंभ; ऑनलाइन भी मिलेगी टिकट

इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्‌टर ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में शाम 4 बजे विस्तारित मेट्रो सेवा का शुभारंभ करेंगे।

इसके बाद 6 सितंबर से गांधी नगर से मालवीय नगर चौराहा (रेडिसन होटल चौराहा) तक 17.5 किमी लंबे रूट पर आम यात्रियों के लिए मेट्रो सेवा शुरू होगी।

हर 15 मिनट में मिलेगी मेट्रो
इस रूट पर यात्रियों को हर 15 मिनट में मेट्रो मिलेगी। रोजाना 80 से ज्यादा फेरे लगाए जाएंगे। मेट्रो सेवा सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक संचालित होगी। दोनों छोरों से पहली ट्रेन सुबह 9 बजे और आखिरी ट्रेन शाम 7 बजे रवाना होगी।

16 स्टेशनों से होकर गुजरेगी मेट्रो
गांधी नगर से रेडिसन चौराहा तक 17.5 किमी का पूरा कॉरिडोर एलिवेटेड है। इस पर 16 स्टेशन बनाए गए हैं। मेट्रो गांधी नगर से शुरू होकर सुपर कॉरिडोर, एमआर-10, आईएसबीटी, चंद्रगुप्त मौर्य प्रतिमा, हीरा नगर, बापट चौराहा, मेघदूत गार्डन और विजय नगर होते हुए रेडिसन चौराहे तक पहुंचेगी। नए हिस्से के शुरू होने के बाद इंदौर का मेट्रो नेटवर्क करीब तीन गुना हो जाएगा।

वातानुकूलित ट्रेन, डिजिटल टिकट की सुविधा
मेट्रो ट्रेन पूरी तरह एयर कन्डिशन्ड होगी। स्टेशनों पर CCTV, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, एस्केलेटर और लिफ्ट की सुविधा उपलब्ध है। दिव्यांग यात्रियों के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्री एमपीएमआरसीएल के मोबाइल ऐप से डिजिटल टिकट ले सकेंगे। इसके अलावा UPI, QR कोड सहित अन्य डिजिटल भुगतान विकल्प उपलब्ध रहेंगे।

रिटर्न टिकट पर 5%, ग्रुप टिकट पर 10% छूट
यात्रियों को शुरुआती दौर में प्रमोशनल डिस्काउंट भी मिलेगा। रिटर्न जर्नी टिकट पर 5% और ग्रुप टिकट पर 10% की छूट दी जाएगी। मोबाइल ऐप के ई-वॉलेट में राशि रिचार्ज करने पर भी निर्धारित राशि के अनुसार बोनस मिलेगा।
2019 में रखी गई थी नींव
इंदौर मेट्रो के शुरुआती कॉरिडोर के निर्माण की नींव 14 सितंबर 2019 को रखी गई थी। सुपर प्रायोरिटी कॉरिडोर पर सितंबर 2023 में पहला ट्रायल रन हुआ। गांधी नगर से सुपर कॉरिडोर-3 तक 6.3 किमी हिस्से पर यात्री सेवा का उद्घाटन 31 मई 2025 को हुआ था। गांधी नगर से रेडिसन तक पूरे रूट का ट्रायल अक्टूबर 2025 में किया गया। इसके बाद 27 मार्च 2026 को सीएमआरएस से संचालन की अनुमति मिली।
Share