उज्जैन में नए चबूतरे पर स्थापित हुई हनुमान प्रतिमा: राजसी सवारी के बाद बनाएंगे मंदिर; बारिश में लगाएंगे शेड

उज्जैन। कंठाल चौराहे पर सड़क चौड़ीकरण के चलते कुछ समय पहले संकट मोचन हनुमान मंदिर की प्रतिमा को वहां से हटाना पड़ा था।
इसके बाद प्रतिमा को पास की दुकान में सुरक्षित रखा गया। अब विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ प्रतिमा को फिर मंदिर में स्थापित किया गया।
नए चबूतरे पर स्थापित किया
मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच श्रद्धालुओं ने संकट मोचन हनुमान की प्रतिमा को नए चबूतरे पर स्थापित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में भक्त मौजूद रहे। सभी ने भगवान हनुमान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। आयोजन के बाद श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई।
बुधवार को हुई थीं पूजा-अर्चना
मंदिर हटने के बाद श्रद्धालुओं की आस्था थमी नहीं। बुधवार को भक्तों ने मौके पर नया चबूतरा तैयार किया और हनुमानजी का चित्र रखकर पूजा-अर्चना की। इसी दौरान सांकेतिक रूप से स्थापना कर श्रद्धा जताई गई। फिर शुक्रवार शाम विधि-विधान से धार्मिक अनुष्ठान हुआ। मंत्रोच्चार के बीच हनुमानजी की प्रतिमा को उसी चबूतरे पर दोबारा स्थापित किया गया, जिससे भक्तों में खुशी छा गई।
बारिश से बचाने शेड लगेगा
स्थानीय नागरिक सुनील गुप्ता ने बताया कि बारिश के मौसम को देखते हुए मंदिर की प्रतिमा के ऊपर फिलहाल अस्थायी शेड लगाया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन और पूजा में दिक्कत न हो। उन्होंने कहा कि महाकाल की राजसी सवारी संपन्न होने के बाद मंदिर निर्माण का काम शुरू होगा। सड़क चौड़ीकरण के बाद बची भूमि पर संकट मोचन हनुमान मंदिर को भव्य स्वरूप दिया जाएगा। निर्माण पूरा होने के बाद श्रद्धालुओं के सहयोग से भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा।