आलीराजपुर की वेदिका ने जोन प्री-नेशनल शूटिंग में जीते तीन मेडल: पिता प्रदेश उपाध्यक्ष है; नेशनल लेवल पर भी खेलेंगी

आलीराजपुर। युवा निशानेबाज वेदिका महेश रावत ने गोवा में आयोजित 13वीं वेस्ट जोन प्री-नेशनल शूटिंग प्रतियोगिता में वेदिका ने 50 मीटर राइफल शूटिंग में शानदार निशाना साधते हुए तीन अलग-अलग वर्गों में पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।
यूथ केटेगरी में सिल्वर जीता
वेदिका ने प्रतियोगिता के यूथ केटेगरी में सिल्वर पदक, जबकि जूनियर और सीनियर वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया। एक ही प्रतियोगिता में तीन अलग-अलग वर्गों में पदक हासिल करना उनकी निरंतर मेहनत और शानदार खेल कौशल का परिणाम है।
प्रदेश के बाद राष्ट्रीय स्तर पर मौका
गोवा प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन के बाद वेदिका महेश रावत का नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए चयन हुआ है। अब वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। इससे पहले वह प्रदेश स्तर की विभिन्न शूटिंग प्रतियोगिताओं में भी कई पदक जीत चुकी हैं।
परिवार और क्षेत्र में खुशी
वेदिका महेश रावत आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल और जोबट विधायक सेना महेश पटेल की सुपुत्री हैं। बेटी की इस उपलब्धि पर परिवार में खुशी का माहौल है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, खेलप्रेमियों, शुभचिंतकों और नागरिकों ने वेदिका को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
बेटियों के लिए बनी प्रेरणा
वेदिका की सफलता आलीराजपुर के लिए गर्व का विषय होने के साथ ही क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने अपने प्रदर्शन से साबित किया है कि मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर बेटियां भी खेल के राष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना सकती हैं।