इंदौर आए भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर: बोले- कांग्रेस के पास राष्ट्रगीत गाने के लिए समय नहीं; युवाओं की तारीफ की

इंदौर। पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर इंदौर पहुंचे। एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने मध्यप्रदेश के विकास, युवाओं की भूमिका और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को लेकर बात की। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा।
विकास में युवाओं की अहम भूमिका
अनुराग ठाकुर ने कहा कि मध्यप्रदेश देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्रदेश के युवाओं की इसमें अहम भूमिका है और वे विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
एक पेड़ मां के नाम के तहत करोड़ों पेड़ लगाए
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि देशभर में इस अभियान के तहत करोड़ों पेड़ लगाए जा चुके हैं। उन्होंने मध्यप्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और इंदौर की जनता के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इंदौर और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पौधे लगाए जा रहे हैं।
एजुकेशन हब के रूप में बनाई पहचान
ठाकुर ने इंदौर को देश के प्रमुख शहरों में शामिल बताते हुए कहा कि शहर इंडस्ट्रियल और एजुकेशन हब के रूप में अपनी पहचान बना चुका है। साथ ही उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी लगातार बढ़ रही है।
देश का अपमान करना छोड़े राहुल
अनुराग ठाकुर ने कहा कि जिस दिन राहुल गांधी देश का अपमान करना, सनातन को कोसना और तुष्टिकरण की राजनीति करना छोड़ देंगे, उस दिन देश का युवा उन्हें गंभीरता से लेना शुरू कर देगा।
कांग्रेस के पास राष्ट्रगीत गाने के लिए समय नहीं
मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के पास राष्ट्रगीत गाने के लिए 3 मिनट 10 सेकंड का समय तक नहीं है। ठाकुर ने आरोप लगाया कि गांधी परिवार खुद को देश और संविधान से ऊपर समझता है। उन्होंने इमरजेंसी और संविधान में बदलाव को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा।