| | |

CM मोहन यादव ने किया इंदौर मेट्रो का शुभारंभ: कहा- यह भारत का स्वर्णिम दौर; केंद्रीय मंत्री बोले- 24 सालों में देश में मेट्रो नेटवर्क बढ़ा 

इंदौर। इंदौर मेट्रो के नए रूट का इंतजार खत्म हो गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में मेट्रो के नए चरण का शुभारंभ किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और मंत्री तुलसी सिलावट भी मौजूद रहे।

विस्तार का सिलसिला लगातार आगे बढ़ेगा
सीएम ने नए रूट पर मेट्रो सेवा शुरू होने पर इंदौर और प्रदेशवासियों को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर में मेट्रो के दूसरे चरण की शुरुआत के बाद अब इसके विस्तार का सिलसिला लगातार आगे बढ़ेगा। आने वाले समय में मेट्रो के नए चरण शुरू होंगे और धीरे-धीरे उज्जैन से पीथमपुर तक मेट्रो नेटवर्क विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेट्रो के विस्तार से शहर में यातायात व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी और लोगों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी।

सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास हो रहा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास हो रहा है। भारत अब दुनिया के कई क्षेत्रों में दूसरे देशों के लिए आदर्श बन रहा है। उन्होंने कहा कि पहले भारत दूसरे देशों की ओर देखता था, लेकिन आज दुनिया भारत की ओर उम्मीद से देख रही है। उन्होंने देश की आर्थिक विकास दर का जिक्र करते हुए कहा कि अमेरिका की विकास दर 2 प्रतिशत और चीन की 4 प्रतिशत के मुकाबले भारत की विकास दर 7.8 प्रतिशत रही है। यह देश के लिए गर्व की बात है।

भारत का स्वर्णिम दौर
मुख्यमंत्री ने भारत की बढ़ती वैश्विक ताकत का जिक्र करते हुए कहा कि अब भारत दुनिया के सामने अपनी बात मजबूती से रखने की स्थिति में है। उन्होंने अमेरिका के साथ चल रही व्यापार वार्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत अब यह तय करने की स्थिति में है कि दुनिया के दूसरे देश उसके साथ किस रूप में संबंध रखना चाहते हैं। उन्होंने इसे भारत के लिए स्वर्णिम दौर बताया।

इंदौर से मनमाड़ तक कनेक्टिविटी मजबूत होगी
मोहन यादव ने कहा कि अब गुना से ग्वालियर होते हुए भोपाल और इटारसी के रास्ते खंडवा जाने की जरूरत नहीं होगी। नए रेल ट्रैक के जरिए गुना से सीधे उज्जैन, फिर इंदौर और इंदौर से मनमाड़ तक कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इसी तरह नागदा से गुजरात की ओर जाने वाली ट्रेनों के लिए भी उज्जैन और इंदौर के रास्ते बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध होगा।

शहरों को मेट्रो के जरिए जोड़ना महत्वपूर्ण निर्णय 
उन्होंने कहा कि मेट्रो को आने वाले समय में उज्जैन तक ले जाने का संकल्प भी लिया गया है। इंदौर और उज्जैन जैसे शहरों को मेट्रो के जरिए जोड़ना पूरे क्षेत्र को एक साथ विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय होगा। इससे दोनों शहरों के बीच आवागमन आसान होगा और मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र के रूप में विकास को नई गति मिलेगी।

यह नया अध्याय लिखने वाला कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवी अहिल्या की नगरी इंदौर हमेशा विकास के साथ अपनी विरासत को भी आगे बढ़ाने का काम करता है। उन्होंने कहा कि गांधी नगर से मालवीय चौराहे तक मेट्रो सेवा का विस्तार परिवहन की सुविधा भर नहीं है, बल्कि यह इंदौर के विकास का नया अध्याय लिखने वाला कदम है। 17 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर में 16 स्टेशन शामिल हैं।

केंद्रीय मंत्री का आभार जताया 
उन्होंने केंद्रीय मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि जब भी वे इंदौर आते हैं, शहर को विकास की नई सौगात देकर जाते हैं। उम्मीद है कि विकास का यह सिलसिला आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

सीएम के कार्य की प्रशंसा की
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने मध्यप्रदेश के विकास को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश को प्रगति के पथ पर आगे ले जाने के लिए जिस तरह से काम किया जा रहा है, उसके लिए डॉ. मोहन यादव की जितनी प्रशंसा की जाए, कम है।

भाजपा की सरकार बनने में विजयवर्गीय का महत्वपूर्ण योगदान
मनोहर लाल ने मध्यप्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि विजयवर्गीय से उनके पुराने और अच्छे संबंध हैं। उन्होंने हरियाणा में भाजपा की राजनीतिक सफलता में कैलाश विजयवर्गीय की भूमिका का जिक्र करते हुए कहा कि बाद में उन्होंने जिन-जिन राज्यों में काम किया, वहां भी उनका योगदान सराहनीय रहा। पश्चिम बंगाल का जिक्र करते हुए मनोहर लाल ने कहा कि वहां भाजपा की सरकार बनने में विजयवर्गीय का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

महापौर को जुझारू युवा नेता कहा  
उन्होंने इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव की भी प्रशंसा की। मनोहर लाल ने उन्हें जुझारू और युवा नेता बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में इंदौर नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि इंदौर को जिस तरह का नेतृत्व मिला है, वह सराहनीय है।

मेट्रो शहर और बस स्टैंड से सीधे जुड़ गई
केंद्रीय मंत्री ने इंदौर मेट्रो के विस्तार को शहर के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि नए कॉरिडोर से मेट्रो अब शहर और बस स्टैंड से सीधे जुड़ गई है। उन्होंने कहा कि पहले शुरू हुए 5 से 5.25 किलोमीटर के प्रायोरिटी कॉरिडोर में सीमित संचालन होने के कारण यात्रियों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा था, लेकिन 11 किलोमीटर के नए विस्तार के बाद मेट्रो की उपयोगिता और सफलता दोनों बढ़ेंगी।

24 वर्षों में देशभर में मेट्रो नेटवर्क बढ़ा 
मनोहर लाल ने कहा कि मध्यप्रदेश में मेट्रो का सिस्टम तेजी से आगे बढ़ रहा है। इंदौर और भोपाल जैसे बड़े शहरों में बढ़ती आबादी और यातायात के दबाव को देखते हुए मेट्रो की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि देश में मेट्रो विस्तार की शुरुआत वर्ष 2002 में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा दिल्ली में पहली मेट्रो लाइन के उद्घाटन से हुई थी। वर्ष 2002 से 2026 तक 24 वर्षों में देशभर में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार की गति को उन्होंने सराहनीय बताया।

दो वर्षों में देश में मेट्रो नेटवर्क 1000 किलोमीटर होगा 
मनोहर लाल ने कहा कि आने वाले दो वर्षों में देश में मेट्रो नेटवर्क 1000 किलोमीटर से अधिक हो जाएगा और भारत मेट्रो नेटवर्क के मामले में दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा देश बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मेट्रो अब सिर्फ यातायात का साधन नहीं, बल्कि लोगों के लिए सुरक्षित, सुविधाजनक और समय बचाने वाली यात्रा का माध्यम बन चुकी है।

मेट्रो से मिनटों में होगा सफर 
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कर्मचारी, विद्यार्थी, व्यापारी और आम नागरिक मेट्रो के जरिए भीड़भाड़ और ट्रैफिक की परेशानी से बचकर तय समय में अपनी मंजिल तक पहुंच सकते हैं। सामान्य यातायात में सफर के समय का कोई निश्चित अनुमान नहीं रहता, जबकि मेट्रो से मिनटों और सेकंडों के हिसाब से यात्रा की योजना बनाई जा सकती है।

मेट्रो के विस्तार से होगी सुविधा 
केंद्रीय मंत्री ने दिल्ली मेट्रो का उदाहरण देते हुए कहा कि दिल्ली में 400 किलोमीटर से अधिक का मेट्रो नेटवर्क विकसित हो चुका है और इसका विस्तार लगातार हो रहा है। उन्होंने अपने दिल्ली आने के पुराने अनुभव को साझा करते हुए कहा कि पहले सड़कों पर साइकिल, स्कूटर, तांगे और रिक्शों के कारण काफी भीड़ रहती थी, लेकिन मेट्रो के विस्तार से लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिली है।

देश के विकास में महत्वपूर्ण कदम
मनोहर लाल ने कहा कि मेट्रो केवल परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने का माध्यम नहीं, बल्कि देश के विकास की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए यह समझना जरूरी है कि विकसित भारत की परिभाषा क्या होगी और उसे बनाने के लिए किन क्षेत्रों में तेजी से काम करने की आवश्यकता है।

17 KM के ट्रैक से बेहतर होगी कनेक्टिविटी

बता दें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इंदौर में मेट्रो सेवा की शुरुआत पहले हो चुकी थी, लेकिन कुछ स्टेशन और करीब 17 किलोमीटर का ट्रैक बाकी था। अब इस हिस्से पर भी मेट्रो सेवा शुरू कर दी गई है। उन्होंने  कहा कि इंदौर प्रदेश का प्रमुख आर्थिक और समृद्ध शहर है। यहां स्थानीय लोगों के साथ बाहर से आने-जाने वाले लोगों के लिए भी बेहतर यातायात व्यवस्था जरूरी है। इसी उद्देश्य से मेट्रो का विस्तार किया जा रहा है।

Share