सेंधवा में दो अलग-अलग जगहों पर चोरी: सबूत मिटाने के लिए घुमा दिए CCTV; सोना-चांदी और बाइक लेकर भागे

सेंधवा। बलवाड़ी गांव में बदमाशों ने दो अलग-अलग स्थानों पर चोरी की। आरोपियों ने ज्वेलर्स की दुकान और एक मकान से सोने-चांदी के जेवर तथा नकदी चोरी की। वारदात के बाद भागते समय एक बाइक भी चुरा ले गए। लगातार हुई चोरी की घटनाओं से गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
सीसीटीवी कैमरे भी घुमा दिए
जानकारी के अनुसार मुख्य मार्ग स्थित पवन सोनी निवासी सेंधवा की मां सप्तश्रृंगी ज्वेलर्स की दुकान, में रात 3 बजे चोरी की। चोर शटर उचकाकर दुकान में घुसे। वहां रखी चांदी के जेवर तथा नकदी चोरी किए। वारदात के दौरान बदमाशों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे भी घुमा दिए। जिससे उनकी गतिविधियां कैमरे में कैद नहीं हो सकीं।
बाइक भी चोरी की
इसके बाद बदमाशों ने बलवाड़ी निवासी भगवान पवार और बाबू पवार के मकान का ताला तोड़ा। फिर घर में रखी अलमारी तोड़कर करीब 25 हजार रुपए नकद चुराए। लगभग डेढ़ तोला सोना चोरी कर लिया। इसके बाद निवासी अभिजीत सिकरवार की बाइक भी चोरी कर फरार हो गए।
जल्द से जल्द चोरों का पता लगाए
घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों का पता लगाकर गिरफ्तारी की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के मुख्य मार्गों पर कई स्थानों पर लंबे समय से स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं। जिससे रात में अंधेरा रहता है। असामाजिक तत्वों को वारदात करने का मौका मिल जाता है।