पीथमपुर में ढोल ग्यारस पर निकली बाल गोपाल की शोभायात्रा: फूलों से सजे रथ पर बैठे कृष्ण; पुष्पवर्षा और हुई आतिशबाजी

पीथमपुर। औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर की विश्वास नगर कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों में ढोल ग्यारस के अवसर पर बाल गोपाल की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। बाल गोपाल मित्र मंडल के तत्वावधान में आयोजित शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा के दौरान जगह-जगह पुष्प वर्षा और आतिशबाजी से माहौल भक्तिमय नजर आया।
फूलों से सजे रथ पर विराजे बाल गोपाल
शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण फूलों से सजा विशेष रथ रहा। इसमें भगवान श्रीकृष्ण की बाल गोपाल स्वरूप प्रतिमा और झांकी विराजमान थी। यात्रा क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी।
करीब 3 किलोमीटर लंबे यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं ने जगह-जगह रथ और डोल पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। ढोल और डीजे की धुनों पर महिलाएं, पुरुष और बालिकाएं भक्ति में झूमते और नृत्य करते नजर आए।

आतिशबाजी ने बढ़ाया उत्साह
शोभायात्रा के दौरान की गई आतिशबाजी ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा में शामिल रहे और पूरे मार्ग में धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा।
8वें वर्ष निकली शोभायात्रा
आयोजक रमेश मालगाया, महेश मालगाया और शंभू सोनगरा ने बताया कि बाल गोपाल मित्र मंडल की ओर से यह शोभायात्रा लगातार 8वें वर्ष निकाली जा रही है। हर साल की तरह इस बार भी क्षेत्रवासियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
महाप्रसादी का वितरण
शोभायात्रा के समापन पर भगवान श्रीकृष्ण को भोग लगाया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए विशाल महाप्रसादी का वितरण किया गया। आयोजन के दौरान शांति, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से भी इंतजाम किए गए।