मध्य प्रदेश को मिलेगा नया सरकारी विमान: कनाडा से आएगा 230 करोड़ का Challenger 3500 जेट; CM और VIP करेंगे सफर

भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार को जल्द नया सरकारी विमान मिलने वाला है। करीब 5 साल से राज्य सरकार सरकारी यात्राओं के लिए चार्टर्ड विमान और हेलिकॉप्टर का इस्तेमाल कर रही थी। अब सरकार कनाडा से Bombardier Challenger 3500 बिजनेस जेट खरीद रही है। इस विमान की कीमत करीब 230 करोड़ रुपए बताई गई है। इसे सितंबर में मध्य प्रदेश आने की उम्मीद है।

विमान का इस्तेमाल कौन करेगा?
मध्य प्रदेश सरकार का नया Challenger 3500 VVIP और VIP यात्राओं के लिए इस्तेमाल होगा। विभाग राज्य और केंद्र सरकार के VVIP/VIP के लिए हवाई परिवहन की सुविधा देता है। इसमें राज्यपाल, मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और अन्य गणमान्य लोग शामिल हैं।
विमान उड़ाने के लिए पायलट को कनाडा भेजा जाएगा
नए विमान की डिलीवरी से पहले राज्य के एक पायलट को कनाडा भेजा जाएगा। वहां उसे करीब 40 दिन की ट्रेनिंग दी जाएगी। यह ट्रेनिंग विमान बनाने वाली कंपनी Bombardier की सुविधा में होगी।
तीन पायलटों को अलग-अलग चरणों में विमान उड़ाने की ट्रेनिंग दी जाएगी। कंपनी अपने एक विशेषज्ञ को भी मध्य प्रदेश भेजेगी। वह पायलट और तकनीकी कर्मचारियों को विमान चलाने और उसकी देखभाल की ट्रेनिंग देगा।

870 किमी प्रति घंटे की रफ्तार
Challenger 3500 की अधिकतम रफ्तार करीब 870 किमी प्रति घंटा है। इसकी उड़ान क्षमता करीब 6,290 किमी है। इससे लंबी दूरी की उड़ान बिना रुके की जा सकती है। विमान में आधुनिक सुरक्षा और नेविगेशन सिस्टम लगाए गए हैं। इसमें ऐसा सिस्टम भी है, जो मौसम की स्थिति में उड़ान को आसान बनाता है।
विमान के अंदर प्रीमियम केबिन बनाया गया है। इसमें घूमने वाली सीटें, सोफा, आधुनिक पैंट्री और बेहतर इंटीरियर है। इसमें एक ऐसा सिस्टम भी है, जिससे विमान उड़ान के लिए जल्दी तैयार हो सकता है। सीटों की व्यवस्था के अनुसार इसमें 8 से 10 लोग बैठ सकते हैं। इसमें यात्री और क्रू शामिल हैं।
2021 में हुआ था राज्य के विमान का लैंडिंग हादसा
मध्य प्रदेश का पुराना Beechcraft Super King Air B200 GT विमान मई 2021 में ग्वालियर एयरपोर्ट पर हार्ड लैंडिंग के दौरान गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हुआ था। बाद में उसे ‘Beyond Repair’ यानी मरम्मत के लायक नहीं माना गया। इसके बाद राज्य के पास अपना काम करने वाला VVIP विमान नहीं रहा।
मध्य प्रदेश कैबिनेट ने नए विमान की खरीद को जुलाई 2024 में मंजूरी दी थी। इसकी डिलीवरी पहले मई में होने वाली थी। बाद में इसे जुलाई किया गया। तकनीकी कारणों से इसमें देरी हुई और अब विमान के सितंबर में मिलने की उम्मीद है।