रीवा में युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या: दुकान से गुटखा लेकर घर लौट रहा था; गाली-गलौज भी की

रीवा। मनगवां थाना क्षेत्र में देर रात एक युवक को लाठी-डंडों से पीटने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घायल अवस्था में युवक को संजय गांधी अस्पताल लाया गया था, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान राहुल कोल के रूप में हुई है। मृतक की मां के मुताबिक, राहुल देर रात दुकान से गुटखा लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में कुछ लोगों ने उसे रोककर गाली-गलौज की और लाठी-डंडों से मारपीट कर दी।
तीन युवकों पर मारपीट का आरोप
परिजनों ने तीन युवकों पर मारपीट का आरोप लगाया है। उनके नाम रमेश कोल, भूरा कोल और छोटू कोल बताए गए हैं। हालांकि, हत्या के पीछे का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
मामले की जांच शुरू
फिलहाल रीवा पुलिस अधीक्षक गुरुकरण सिंह ने मनगवां में मारपीट के मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक की हत्या के पीछे वास्तविक विवाद और कारण क्या था।