विजयवर्गीय बोले- संध्या मेरी बेटी: पार्षद ने कहा- पिता-बेटी के बीच गलत भावना नहीं; कांग्रेसी अपना सम्मान बचाएं

इंदौर। वार्ड नंबर 6 के विकास कार्यों का लोकार्पण करने पहुंचे विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पार्षद संध्या पर मंच से विवादित टिप्पणी की। इसके बाद से विपक्ष मंत्री के बयान को लेकर उनसे सवाल पूछ रहा है।
कांग्रेस प्रवक्ता नीलाभ शुक्ला ने टिप्पणी को निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि एक वरिष्ठ मंत्री द्वारा मंच से एक महिला पार्षद के शरीर की बनावट पर टिप्पणी करना महा निंदनीय है। यूं तो बीजेपी महिला सम्मान की बात करती है, लेकिन अपनी ही पार्टी की पार्षद का मजाक उड़ाती है।
वह मेरी बेटी जैसी है
मामले पर सफाई देते हुए कैलाश विजयवर्गीय ने वीडियो जारी कर कहा कि कल हमारे क्षेत्र की सक्रिय पार्षद बहन संध्या यादव के वार्ड में काफी विकास के कार्य हुए। उस दौरान मेरे भाषण में कुछ शब्द कहे, जिन्हें विपक्ष के लोगों ने काफी गलत तरीके से उठाया। वह मेरी बेटी जैसी है, मैंने उन्हें बचपन में अपनी गोद में खिलाया है। न उनके मन में कुछ है, न मेरे मन में कुछ है। इसे जिस तरह से कांग्रेस ने उठाया है, उससे मैं दुखी हूं और इस संबंध में खेद प्रकट करता हूं।
कैलाश जी मेरे पितातुल्य हैं
पार्षद संध्या ने भी इस संबंध में वीडियो जारी करके कहा कि मेरे वार्ड में विकास कार्यों का भूमि पूजन था। 7 करोड़ 10 लाख की नर्मदा पानी की टंकी, संजीवनी क्लिनिक का लोकार्पण करने कैलाश विजयवर्गीय जी और अन्य मंत्री शामिल हुए थे। मैं बताना चाहूंगी कि कैलाश जी मेरे पितातुल्य हैं, हमारा पिता-बेटी का रिश्ता है। जब भाईसाहब पार्षद थे, मेरे पिताजी मंत्री रहे हैं, उनका तब से आना-जाना है। तो अगर कोई भी भ्रामक न्यूज चल रही है, उस पर ध्यान न दें।
संध्या दीदी की चौड़ाई थोड़ी सी बढ़ गई है
बता दें कि कार्यक्रम के दौरान मंत्री मंच से भाषण दे रहे थे, तभी उन्हें मंच पर बैठे हुए एक और व्यक्ति दिख जाते हैं। उन्होंने टिप्पणी की, “अरे आप दिखे ही नहीं मुझे, संध्या दीदी की चौड़ाई थोड़ी सी बढ़ गई है।”