21 लाख 21 हजार के नोट से 3 दिन में बनाए बप्पा: 500 के नोट से बनाई मालाएं; 24 घंटे हो रही निगरानी

उज्जैन। बड़नगर में गणेश उत्सव के दौरान भगवान गणेश का अनोखा शृंगार आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। मेवाड़ा माली सेरी में विराजित बप्पा को 21 लाख 21 हजार रुपए के नोटों से सजाया गया है।
नोटों से सजे गणेशजी का भव्य स्वरूप देखने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। पंडाल में बप्पा के दर्शन को लेकर भक्तों में खासा उत्साह नजर आ रहा है।
तीन दिनों की मेहनत से बनी नोटों की मालाए
श्री सर्व गजानंद मित्र मंडली के सदस्यों के मुताबिक इस बार गणपति बप्पा का विशेष श्रंगार नोटों से किया गया है। इसमें 10 से लेकर 500 रुपये तक के नोटों को कलात्मक तरीके से सजाकर आकर्षक लड़ियां और मालाएं तैयार की गई हैं। इस अनोखी सजावट ने पंडाल में आने वाले श्रद्धालुओं का ध्यान खींचा चला जा रहा है। मंडली के 8 सदस्यों ने 3 दिनों तक लगातार मेहनत कर प्रतिमा और पूरे पंडाल का यह खास शृंगार तैयार किया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
लाखों रुपये के नोटों से तैयार किए गए इस अनोखे गणेश पंडाल की सुरक्षा को लेकर भी खास इंतजाम किए गए हैं। श्री सर्व गजानंद मित्र मंडली के सदस्य चौबीसों घंटे पंडाल की निगरानी कर रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए परिसर में छह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनसे आने-जाने वाले लोगों और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। नोटों से सजे बप्पा के इस आकर्षक स्वरूप को देखने के लिए शहर के साथ आसपास के इलाकों से भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।