मिनटों में बुक हो गए स्टूडेंट के रियायती टिकट: 1200 पंजीयन हुए, 1000 को मिलेंगे टिकट; 25 सितंबर को सुबह 6 बजे से सामान्य टिकटों की ऑनलाइन बिक्री

इंदौर। भारत और वेस्टइंडीज के बीच 11 अक्टूबर को होलकर स्टेडियम में खेले जाने वाले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच के लिए ऑनलाइन टिकटों की बिक्री 22 सितंबर से शुरू हुई। स्टूडेंट कन्सेशन के टिकट कुछ ही मिनटों में बुक हो गए। स्टूडेंट कन्सेशन के लिए ऑनलाइन 1200 पंजीयन हुए हैं। दस्तावेजों की जांच के बाद 1000 छात्रों को टिकट मिलेंगे। जांच पूरी होने के बाद स्टूडेंट को टिकट के लिए लिंक भेजी जाएगी।
स्टूडेंट टिकट के लिए दिखा उत्साह
स्टूडेंट और स्पेशल एबल्ड के लिए 22 और 23 सितंबर को टिकट बिक्री की तारीख तय की गई थी। स्टूडेंट टिकट बुक कराने को लेकर उत्साह देखने को मिला। मंगलवार को दोपहर 12 बजे साइट खुलते ही तय कोटे के सभी टिकट कुछ ही मिनटों में बुक हो गए। स्पेशल एबल्ड के लिए 40 टिकट रखे गए हैं। इसका ऑनलाइन पंजीयन कोटा समाप्त होने तक या 23 सितंबर को दोपहर 12 बजे तक लाइव रहेगा।
स्टूडेंट को दस्तावेजों की जांच के बाद रियायती दर पर 950 और 1200 रुपए के टिकट मिलेंगे, जबकि स्पेशल एबल्ड को 400 रुपए में टिकट मिलेगा। स्टूडेंट के लिए ईस्ट स्टैंड लोअर का टिकट 950 रुपए और सेकंड फ्लोर का टिकट 1200 रुपए का होगा।
अब 25 सितंबर का इंतजार
अब क्रिकेट प्रेमियों को 25 सितंबर की सुबह का इंतजार है। सभी सामान्य श्रेणी के टिकटों की ऑनलाइन बिक्री 25 सितंबर को सुबह 6 बजे से शुरू होगी। टिकट सिर्फ ऑनलाइन ही मिलेंगे। टिकट खरीदी के लिए डिस्ट्रिक्ट बाय जोमैटो मोबाइल ऐप और www.district.in वेबसाइट अधिकृत हैं।
10 अक्टूबर को इंदौर पहुंचेंगी दोनों टीमें
भारत और वेस्टइंडीज के बीच 11 अक्टूबर को होने वाला मुकाबला पांच मैचों की सीरीज का तीसरा टी-20 मैच है। मुकाबले के लिए दोनों टीमें 10 अक्टूबर को इंदौर पहुंचेंगी।