दिल्ली में 17 साल की नाबालिग से गैंगरेप: आरोपी ने पुलिस पर 3 राउंड फायरिंग की; जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

नई दिल्ली। दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज पार्क में 17 साल की नाबालिग से गैंगरेप का मामला सामने आया है। घटना सोमवार शाम की है। पुलिस ने मंगलवार सुबह एक आरोपी आसिफ को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया। आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए 3 राउंड फायर किए। एक गोली हेड कॉन्स्टेबल की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी।
जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी। उसे AIIMS ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। दो अन्य आरोपी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। आरोपियों के खिलाफ BNS और POCSO एक्ट की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
दोस्त के साथ पार्क गई थी नाबालिग
नाबालिग शाम करीब 7 बजे अपने 17 साल के दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर गई थी। दर्शन के बाद दोनों शाम करीब 7:30 बजे गेट नंबर 7 से आस्था कुंज पार्क में पहुंचे। आरोप है कि वहां तीन युवक उनके पास आए। उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताया। इसके बाद उन्होंने नाबालिग और उसके दोस्त को धमकाया।
आरोपियों ने नाबालिग को उसके दोस्त से अलग कर दिया। उसे पार्क के सुनसान हिस्से में ले गए। आसिफ ने पिस्टल और चाकू दिखाकर उसे धमकाया। इसके बाद तीनों आरोपियों ने नाबालिग से रेप किया। घटना के बाद उसे धमकी देकर छोड़ दिया।
रात 8:45 बजे पुलिस को मिली सूचना
पुलिस को रात करीब 8:45 बजे PCR कॉल से घटना की जानकारी मिली। इसके बाद अमर कॉलोनी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को नाबालिग और उसका दोस्त पार्क में मिले। नाबालिग को मेडिकल जांच के लिए AIIMS ले जाया गया। क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। टीम ने जरूरी सबूत और सैंपल जुटाए।
DM ऑफिस रोड पर आरोपी से मुठभेड़
पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमें बनाई थीं। जांच के दौरान पुलिस को आसिफ के अमर कॉलोनी के पास DM ऑफिस रोड पर होने की जानकारी मिली। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की। आसिफ ने 3 राउंड फायरिंग कर दी।
इसमें एक गोली हेड कॉन्स्टेबल राजेश की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। हेड कॉन्स्टेबल राजेश ने सेल्फ डिफेंस में 2 राउंड फायर किए। इनमें से एक गोली आसिफ के दाहिने पैर में लगी।
मौके से बाइक और पिस्टल बरामद
मुठभेड़ के बाद क्राइम टीम और FSL टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने मौके से एक बाइक और पिस्टल बरामद की है। पुलिस अब बाकी दो आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
सितंबर में नाबालिग से रेप का तीसरा मामला
दिल्ली में सितंबर में नाबालिग से रेप का यह तीसरा मामला बताया गया है।
- 12 सितंबर: स्वरूप नगर में 14 साल की नाबालिग से गैंगरेप के बाद हत्या का मामला सामने आया था।
- 16 सितंबर: सदर बाजार में 10 साल की बच्ची से रेप का मामला सामने आया।
- 22 सितंबर: कालकाजी के आस्था कुंज पार्क में 17 साल की नाबालिग से गैंगरेप का मामला सामने आया।
दिल्ली में POCSO के 1,553 केस दर्ज
NCRB के मुताबिक, 2024 में दिल्ली में POCSO एक्ट के तहत 1,553 केस दर्ज हुए थे। यानी औसतन हर दिन 4 से ज्यादा मामले दर्ज हुए। 2025 की NCRB रिपोर्ट अभी जारी नहीं हुई है।