| | |

इंदौर के नवलखा कॉम्प्लेक्स में लिफ्ट गिरी: पंजाब से आए 6 मेहमान भी शामिल; 7 लोग घायल,40 साल पुरानी लिफ्ट

इंदौर। स्नेह नगर स्थित नवलखा कॉम्प्लेक्स में मंगलवार दोपहर लिफ्ट अचानक दूसरी मंजिल से नीचे गिर गई। हादसे के वक्त लिफ्ट में 7 लोग मौजूद थे। घटना में सभी घायल हो गए। घायलों में पंजाब से इंदौर आए 6 मेहमान भी शामिल हैं। एक व्यक्ति के पैर में गंभीर चोट बताई जा रही है। सभी घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दोपहर करीब साढ़े 3 बजे हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार घटना मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे की है। नवलखा कॉम्प्लेक्स में लिफ्ट दूसरी मंजिल से नीचे आई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

लिफ्ट में क्षमता से ज्यादा लोग सवार थे
कॉम्प्लेक्स के चौकीदार लखन के मुताबिक लिफ्ट में 7 लोग सवार थे। कुछ ही देर बाद लिफ्ट से तेज आवाज आने लगी और अंदर मौजूद लोग मदद के लिए चिल्लाने लगे। इसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें बाहर निकाला।प्रारंभिक तौर पर लिफ्ट में क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने की बात सामने आई है।

लिफ्ट पर 4 लोगों की क्षमता का नोटिस
कॉम्प्लेक्स में चार ब्लॉक A, B, C और D हैं। यहां लगी लिफ्ट करीब 40 साल पुरानी बताई जा रही है। लिफ्ट के बाहर एक नोटिस भी लगा है, जिसमें एक बार में अधिकतम 4 लोगों के जाने की चेतावनी दी गई है। इसके बावजूद हादसे के समय 7 लोग लिफ्ट में सवार थे।

D ब्लॉक की लिफ्ट पहले भी हो चुकी है खराब
स्थानीय लोगों के अनुसार D ब्लॉक में लगी लिफ्ट पहले भी दो बार नीचे गिर चुकी है। कॉम्प्लेक्स की बिल्डिंग 40 से 50 साल से अधिक पुरानी बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक बिल्डिंग में मेंटेनेंस से जुड़े काम भी बाकी हैं। बताया जा रहा है कि लंबे समय से लिफ्ट के रखरखाव के लिए राशि जमा नहीं की जा रही थी।

हादसे में ये लोग घायल
हादसे में अंकित पुत्र सोहन ढिगरा, मुस्कान खीर, हरविंदर कुमार, रमेश कुमार, शुभम, आशा और अनिता घायल हुए हैं। इनमें अंकित को सबसे ज्यादा चोट आई है। पुलिस के अनुसार सभी लोग दूसरी मंजिल से नीचे आने के लिए लिफ्ट में सवार हुए थे।पुलिस अब लिफ्ट की तकनीकी स्थिति, ओवरलोडिंग और मेंटेनेंस से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

Share