झाबुआ में 8 लेन एक्सप्रेसवे पर पत्थरबाजी: संदिग्ध वाहनों की चेकिंग और पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश

झाबुआ। 8 लेन एक्सप्रेसवे की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने रात में एक्सप्रेसवे का निरीक्षण किया। एसपी टोल नाका टिमरवानी पहुंचे और वहां तैनात पुलिसकर्मियों से चर्चा कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान हाल में सामने आई पत्थरबाजी की घटनाओं को लेकर संबंधित थाना और चौकी प्रभारियों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पत्थरबाजी रोकने मुखबिर तंत्र मजबूत करने के निर्देश
एसपी ने एक्सप्रेसवे से लगे थाना और चौकी क्षेत्रों में मुखबिर तंत्र को और मजबूत करने के निर्देश दिए। पत्थरबाजी की घटनाओं में शामिल असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने को कहा गया।
पुलिस के अनुसार हाल में हुई पत्थरबाजी की घटनाओं के संबंध में थाना थांदला में दो अपराध दर्ज कर जांच में लिए गए हैं। इन मामलों में शामिल आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की बात कही गई है।
ग्रामीणों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील
एसपी ने एक्सप्रेसवे से लगे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों और आमजन से संवाद करते हुए अपील की कि यदि कोई व्यक्ति पत्थरबाजी या अन्य संदिग्ध गतिविधि में शामिल दिखाई देता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने कहा कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और सूचना मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की होगी चेकिंग
निरीक्षण के दौरान थाना और चौकी प्रभारियों को एक्सप्रेसवे पर लगातार निगरानी और पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए गए। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए भी आवश्यक कदम उठाने को कहा गया। इसके साथ ही एक्सप्रेसवे के जरिए होने वाली अवैध गतिविधियों पर नजर रखने, संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की नियमित जांच करने तथा आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

संवेदनशील स्थानों पर बढ़ाई जाएगी निगरानी
एसपी ने अधिकारियों से कहा कि 8 लेन एक्सप्रेसवे की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। संवेदनशील स्थानों पर प्रभावी पुलिस निगरानी और पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान एसडीओपी थांदला राजेश सूलिया, थाना प्रभारी थांदला निरीक्षक तारा मण्डलोई सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।