| |

झाबुआ में थांदला के पास गौहत्या का मामला: ग्रामीणों ने 3 संदिग्धों को पकड़ा; 6 पर FIR, गौमांस और हथियार जब्त

झाबुआ। थांदला के समीप रूपगढ़ गांव में गौहत्या का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलने के बाद ग्रामीणों ने मौके से तीन संदिग्धों को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और घटनास्थल से गौमांस व कथित तौर पर घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार जब्त किए हैं। पुलिस ने मामले में कुल 6 आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की है। इनमें से 3 को राउंडअप किया गया है, जबकि 3 आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

घर के पास कचरे के ढेर में अवशेष मिलने का दावा
मंगलवार सुबह रूपगढ़ गांव में राकेश पिता विसीया रावत के घर के पास गौहत्या किए जाने की सूचना ग्रामीणों को मिली। ग्रामीणों का आरोप है कि मौके पर गौमांस का बंटवारा किया जा रहा था। इसके बाद उन्होंने हिंदूवादी संगठनों को सूचना दी। पुलिस के अनुसार मामले में आरोपी बनाए गए रुमाल मईडा के मकान से भी गौमांस बरामद किया गया है। रुमाल, राकेश का ससुर बताया जा रहा है।

ग्रामीणों ने 3 लोगों को पकड़ा
घटना के बाद ग्रामीणों ने राकेश रावत, रुमाल मईडा और कमल डामोर को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि घटना के बाद राकेश के घर से साक्ष्य हटाने का प्रयास भी किया गया। ग्रामीणों ने क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं लगातार होने का आरोप लगाते हुए प्रशासन पर कार्रवाई में लापरवाही का आरोप लगाया है।

SDOP पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही थांदला SDOP राजेश सुलिया पुलिस बल के साथ रूपगढ़ पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। मामले में राकेश रावत, रुमाल मईडा और कमल डामोर को राउंडअप किया गया है। वहीं हुक्का रावत, देवू रावत और एक अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

गांव में पुलिस बल तैनात
मामले में कुल 6 आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए रूपगढ़ गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।

Share