| |

बामनिया में नई कार पर बदमाशों ने किया पथराव: चापलदा घाटी में सड़क पर पत्थर बिछाकर रोका रास्ता; कार के कांच और गेट टूटे 

बामनिया। पेटलावद मार्ग पर मंगलवार रात करीब 9.30 बजे चापलदा घाटी के पास एक नई कार पर बदमाशों द्वारा पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में बामनिया निवासी जयेश सोलंकी की कार के कांच और गेट क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद उन्होंने कार नहीं रोकी और सीधे बामनिया पहुंचकर पुलिस चौकी में सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी कर सर्चिंग शुरू कर दी।

परिवार के साथ पेटलावद से लौट रहे थे
जयेश सोलंकी परिवार के साथ नई कार से पेटलावद से बामनिया लौट रहे थे। चापलदा घाटी के पास अचानक कुछ लोगों ने उनकी कार पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। बताया गया कि सड़क पर भी पत्थर रखे गए थे। घाटी का क्षेत्र होने के कारण वाहन चालक को रोककर लूट की आशंका जताई जा रही है।

कार नहीं रोकी, तेज रफ्तार में निकले
अचानक हुए पथराव के बावजूद सोलंकी ने कार नहीं रोकी। उन्होंने वाहन की रफ्तार बढ़ाकर बामनिया पहुंचकर तत्काल पुलिस को घटना की जानकारी दी। पथराव के कारण कार के कांच और गेट को नुकसान पहुंचा है। जानकारी के मुताबिक कुछ अन्य वाहनों पर भी पथराव किया गया, जिससे उन्हें भी नुकसान हुआ है।

पुलिस ने नाकाबंदी कर सर्चिंग शुरू की
सूचना मिलते ही बामनिया चौकी प्रभारी लखनसिंह भाटी और पेटलावद पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस टीम ने क्षेत्र में नाकाबंदी कर आसपास के इलाकों में सर्चिंग शुरू की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई और पथराव करने वालों की पहचान के प्रयास शुरू किए हैं।

रात में मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों की सुरक्षा पर सवाल
पेटलावद टीआई निर्भयसिंह भूरिया ने बताया कि पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्र में बदमाशों की तलाश के लिए सर्चिंग की जा रही है। रात करीब 9.30 बजे हुई घटना के बाद इस मार्ग से रात में गुजरने वाले वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस की सर्चिंग जारी है।

Share