पानी, सड़क और पुलिया की समस्या से परेशान ग्रामीण: झाबुआ में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे लोग; पंचायत के कामों की जांच की मांग

झाबुआ। मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान ग्राम फुटिया के ग्रामीण कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने पंचायत पर मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी करने और निर्माण व मरम्मत कार्यों के लिए मिली राशि में कथित अनियमितता का आरोप लगाते हुए ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने संबंधित कार्यों की जांच कराने और गांव की समस्याओं का समाधान कराने की मांग की।
पेयजल व्यवस्था को लेकर बताई परेशानी
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। उनका आरोप है कि कई स्थानों पर नल लाइन नहीं बिछाई गई है और नवीन हैंडपंप भी नहीं लगाए गए हैं। इसके चलते ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
क्षतिग्रस्त पुलिया से आवाजाही में दिक्कत
ग्रामीणों ने बताया कि स्कूली बच्चों, आम लोगों और किसानों की आवाजाही वाले रास्ते पर एक पुलिया क्षतिग्रस्त है। इससे रोजाना आने-जाने में परेशानी होती है। ज्ञापन में ग्रामीणों ने सीसी रोड निर्माण और उचित स्थान पर श्मशान घाट का निर्माण जल्द कराने की मांग भी रखी।
कागजों में काम दिखाने का आरोप
ग्रामीणों और यूथ कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पंचायत के रिकॉर्ड में कई निर्माण और मरम्मत कार्य दर्शाए गए हैं, जबकि मौके पर उनकी स्थिति अलग है। ग्रामीणों का आरोप है कि कागजों में काम दिखाकर लाखों रुपए की राशि में अनियमितता की गई। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।