इंदौर की फल मंडी में लीची की बहार, बिहार-यूपी से पहुंच रही भारी खेप
गर्मी का मौसम फलों का मौसम माना जाता है और इन दिनों इंदौर की चोइथराम स्थित देवी अहिल्याबाई फल मंडी में विभिन्न राज्यों से फलों की भारी आवक देखने को मिल रही है। खासतौर पर बाजार में इन दिनों लीची की बहार छाई हुई है, जिसकी मांग शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही है।
फल व्यापारी मुनव्वर शेख ने बताया कि वर्तमान में मुजफ्फरनगर, बिहार, कोलकाता और कानपुर सहित देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी मात्रा में लीची इंदौर पहुंच रही है। अलग-अलग माध्यमों से आने वाली यह लीची फल मंडी के साथ-साथ शहर के बाजारों और ठेलों पर भी खूब बिक रही है।
उन्होंने बताया कि लीची की गुणवत्ता और कीमत उसके रंग पर निर्भर करती है। अच्छे और गहरे रंग वाली लीची की मांग अधिक रहती है, जिसके कारण उसके दाम भी ज्यादा होते हैं। वहीं हल्के रंग की लीची अपेक्षाकृत कम कीमत पर उपलब्ध होती है।
वर्तमान में इंदौर के बाजार में लीची 150 रुपये से 180 रुपये प्रति किलो तक बिक रही है। व्यापारियों का कहना है कि अगले दो महीनों तक लीची की आवक लगातार बनी रहेगी, जिससे उपभोक्ताओं को ताजा और अच्छी गुणवत्ता वाली लीची उपलब्ध होती रहेगी।
फल मंडी में लीची के अलावा आम, जामुन, तरबूज, खरबूजा सहित अन्य मौसमी फलों की भी भरपूर आवक हो रही है। अच्छी सप्लाई के चलते अधिकांश फलों के दाम स्थिर बने हुए हैं, जिससे बाजार में ग्राहकों की संख्या भी बढ़ी है।
व्यापारियों के अनुसार मौसम और आवक की स्थिति सामान्य रही तो आने वाले दिनों में भी फल बाजार में रौनक बनी रहेगी और ग्राहकों को उचित कीमत पर ताजे फल उपलब्ध होते रहेंगे।
