अलीराजपुर में पत्थर-मिट्टी के सहारे खड़े किए बिजली के खंभे: इन्हीं पर रखा ट्रांसफार्मर; ग्रामीणों ने तकनीकी जांच की मांग की
अलीराजपुर। नानपुर रोड पर विद्युत वितरण कंपनी और ठेकेदार ने नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने के लिए लगाए गए दो विद्युत खंभों को पत्थर और मिट्टी के सहारे खड़ा कर दिया। मजबूत कंक्रीट और गिट्टी का इस्तेमाल भी नहीं किया और जल्दबाजी में ट्रांसफार्मर भी शिफ्ट कर दिया।
स्थानीय स्तर पर सामने आई इस स्थिति ने विद्युत सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। भारी वजन वाले ट्रांसफार्मर को संभाल रहे खंभों की नींव यदि पर्याप्त मजबूत नहीं है तो बारिश, तेज हवा या किसी अन्य दबाव की स्थिति में खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में सवाल यह है कि आखिर काम पूरा होने से पहले इसकी गुणवत्ता की जांच किस स्तर पर की गई?
कागजों में मानक, जमीन पर लापरवाही?
जयस जिलाध्यक्ष अरविंद कनेश ने मामले पर आपत्ति जताते हुए विद्युत वितरण कंपनी और संबंधित ठेकेदार की कार्यप्रणाली की जांच की मांग की है। उनका कहना है कि विद्युत कार्य में छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इसलिए निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों का पालन होना जरूरी है।
ट्रांसफार्मर लगाने की अनुमति किसने दी
मामले में सबसे बड़ा सवाल यह भी है कि यदि खंभों की नींव वास्तव में निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नहीं बनाई गई है, तो ट्रांसफार्मर लगाने की अनुमति किसने दी? क्या विभागीय अधिकारियों ने मौके पर निरीक्षण किया था और यदि किया था तो निर्माण की गुणवत्ता पर आपत्ति क्यों नहीं ली गई?
ट्रांसफार्मर स्थापना की तकनीकी जांच हो
ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने भी मांग की है कि संबंधित विभाग मौके का निरीक्षण कर खंभों की नींव और ट्रांसफार्मर स्थापना की तकनीकी जांच करवाए। यदि कार्य में अनियमितता मिलती है तो जिम्मेदार ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।