| | | |

इंदौर में ड्राय-डे पर आबकारी की कार्रवाई में 75 केस दर्ज: 800 लीटर शराब पकड़ाई; ढाबों से लेकर सड़कों तक हुई चेकिंग

इंदौर। आबकारी विभाग ने अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री, परिवहन और संग्रहण के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया। कलेक्टर शिवम वर्मा के आदेश और सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के निर्देशन में 15 अगस्त को जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। विभाग के अनुसार अभियान के दौरान कुल 75 केस दर्ज किए गए और करीब 800 लीटर देशी-विदेशी शराब जब्त की गई।

ढाबों और कई स्थानों पर हुई चेकिंग
आबकारी विभाग की टीमों ने ड्राय-डे के दौरान लगातार गश्त और निगरानी की। शाम के समय विशेष रूप से ढाबों और उनके आसपास चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान कई ढाबे बंद मिले, जबकि अवैध रूप से मदिरापान कराने के संबंध में 37 प्रकरण दर्ज किए गए।

महू में 598.8 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त
काची शराब में आबकारी उप निरीक्षक हरेन्द्र घुरैया ने मुखबिर की सूचना पर गुर्जर ढाबा और आरोपी के निवास शांति पैराडाइज, हरसोला, महू में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान कुल 598.8 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की गई।

जब्त मदिरा में 108 बल्क लीटर देशी शराब प्लेन, 240 बल्क लीटर बीयर केन, 124.8 बल्क लीटर बोतल और 126 बल्क लीटर स्प्रिट शामिल है। विभाग के अनुसार जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 2.75 लाख रुपए है।

राजमोहल्ला में बाइक से शराब बेचते एक युवक पकड़ाया
राजमोहल्ला में आबकारी उप निरीक्षक मीना माल और उनकी टीम ने गश्त के दौरान एक दोपहिया वाहन को रोककर जांच की। वाहन क्रमांक MP09 XM6919 की तलाशी लेने पर पीछे बंधे दो प्लास्टिक बैग से100 ज्यादा छोटी शराब की बोतल बरामद हुई।

पुलिस के अनुसार वाहन चालक योगेश को गिरफ्तार कर लिया गया। जब्त शराब और वाहन की अनुमानित कीमत 84,250 रुपए बताई गई है।

Share