| | |

इंदौर जू में 14-D वर्चुअल जंगल सफारी शुरू: 4.5 करोड़ के प्रोजेक्ट में बारिश, हवा और सीट मूवमेंट का मिलेगा अनुभव

इंदौर । इंदौर के कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में वन्यजीवों के बीच रोमांच का नया अनुभव मिलने जा रहा है। जू परिसर में करीब 4.5 करोड़ रुपए की लागत से तैयार 14-D वर्चुअल जंगल सफारी और थिएटर का मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उद्घाटन किया। आम दर्शकों के लिए यह सुविधा 16 अगस्त से शुरू होगी।

जू प्रबंधन के अनुसार, इस प्रोजेक्ट में 14 तरह के इफेक्ट्स शामिल किए गए हैं। स्क्रीन पर बारिश का दृश्य आते ही पानी की बूंदें महसूस होंगी। इसके अलावा हवा, कोहरा, बुलबुले, वाइब्रेशन और सीटों की मूवमेंट जैसे इफेक्ट्स भी दिखाई देने वाले सीन के हिसाब से बदलेंगे। थिएटर में लगाई गई वाटरप्रूफ स्क्रीन साउथ कोरिया से मंगाई गई है।

गोरिल्ला के मुंह जैसे गेट से होगी एंट्री
14-D थिएटर का प्रवेश द्वार बड़े गोरिल्ला के मुंह जैसी आकृति में तैयार किया गया है। अंदर पहुंचने के बाद नियोन लाइटिंग और 3-D विजुअल्स के जरिए जंगल जैसा माहौल बनाया जाएगा। दर्शकों को पेड़, टाइगर, शेर और अन्य वन्यजीवों के दृश्य दिखाई देंगे।

थिएटर की सीट स्क्रीन पर चल रहे सीन के साथ हिलेंगी।

पहाड़ पर चढ़ते ही ऊपर उठेगी सीट
थिएटर में दर्शक 3-D चश्मा लगाकर मूविंग सीटों पर बैठेंगे। करीब 20 मिनट के शो को दो हिस्सों में बांटा गया है। पहले भाग में जंगल और एडवेंचर का वर्चुअल अनुभव मिलेगा।

स्क्रीन पर वाहन पहाड़ की चढ़ाई करता दिखेगा तो सीट ऊपर जाएगी और नीचे उतरने वाले दृश्य में सीट भी नीचे की ओर मूव करेगी। जंगल की यात्रा के दौरान झटके, हवा, पानी के छींटे, कोहरा और बुलबुले जैसे प्रभाव भी महसूस होंगे।

दूसरे हिस्से में प्री-हिस्टोरिक एडवेंचर दिखाया जाएगा। इसमें पुराने समय के जंगल और उस दौर के जीवों को वर्चुअल तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा।

ग्लो गार्डन में कदम रखते ही रोशन होंगे पौधे
14-D थिएटर के बाद ग्लो गार्डन बनाया गया है। यहां शेर और बोलता हुआ पेड़ दर्शकों का स्वागत करेंगे। अंदर फाइबर ऑप्टिक लाइट्स से माहौल तैयार किया गया है। घास जैसे फर्श के आसपास तितलियों और पौधों की आकृतियां रहेंगी, जो दर्शकों के चलने के साथ रोशन होंगी।

भूल-भुलैया में सुनाई देगी शेर की दहाड़
आगे दर्शकों के लिए भूल-भुलैया बनाई गई है। इसमें कई रास्तों के बीच शेर की दहाड़ और भालू के गुर्राने की आवाजें सुनाई देंगी। इसके बाद मिरर ब्रिज से गुजरते हुए होलोग्राम के जरिए भगवान हनुमान के दर्शन होंगे।

इसके आगे 3-D वाइल्ड लाइफ इमर्सिव सफारी और 3-D डोम में करीब 10 मिनट का वाइल्ड लाइफ शो होगा। बड़े स्क्रीन और 3-D इफेक्ट्स से जंगल के बीच होने जैसा अनुभव देने की कोशिश की गई है।

पूरे प्रोजेक्ट में 14 तरह के इफेक्ट्स शामिल किए गए हैं।

मंगलवार से रविवार तक 16 शो
थिएटर मंगलवार से रविवार तक सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित होगा। रोजाना 20-20 मिनट के 16 शो रखे गए हैं। इसके लिए टिकट की कीमत 70 रुपए निर्धारित की गई है।

जू प्रभारी डॉ. उत्तम यादव के अनुसार, प्रोजेक्ट में अलग-अलग 14 एलिमेंट्स को जोड़ा गया है। स्क्रीन पर दिखने वाले दृश्य के साथ संबंधित इफेक्ट्स सक्रिय होते हैं।

प्रोजेक्ट को करीब डेढ़ साल में पूरा करने का लक्ष्य था, लेकिन कुछ कारणों से काम पूरा होने में लगभग दो महीने अतिरिक्त लगे। जू प्रबंधन का दावा है कि यह भारत का पहला वर्चुअल जू 14-D थिएटर है।

Share