| | |

इंदौर में बच्चों को बांटे लड्डुओं में कीड़े: खाने से दो बच्चों की तबीयत बिगड़ी; खाद्य विभाग ने दुकान सील की

इंदौर । स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान बच्चों को बांटे गए लड्डुओं में कीड़े मिलने का मामला सामने आया है। लड्डू खाने के बाद दो बच्चों की तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई है। शिकायत के बाद खाद्य विभाग और खुड़ैल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लड्डुओं के सैंपल जब्त कर संबंधित दुकान को सील कर दिया।

बच्ची ने कीड़े होने की शिकायत की
मामला इंदौर जिले की धमनोई पंचायत के सोनगुराड़िया गांव स्थित माध्यमिक विद्यालय का है। यहां स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान बच्चों को लड्डू बांटे जा रहे थे। इसी दौरान 8 साल की एक बच्ची ने लड्डू में कीड़े होने की शिकायत की।

इसके बाद जब दूसरे लड्डुओं को देखा गया तो उनमें भी कीड़े मिलने की बात सामने आई। ग्रामीणों ने तुरंत लड्डुओं का वितरण रुकवा दिया।

लड्डू खाने के बाद दो बच्चे बीमार
लड्डू खाने के बाद दो बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद ग्रामीणों ने मामले की सूचना प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही खाद्य विभाग की टीम और खुड़ैल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। टीम ने लड्डुओं के सैंपल जब्त कर जांच शुरू कर दी। साथ ही जिस दुकान से लड्डू लाए गए थे, उसे सील कर दिया गया है।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में लड्डुओं में कीड़े दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और खाद्य विभाग की रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share