रतलाम में 5 करोड़ की लूट का खुलासा: 6 आरोपी गिरफ्तार; 48 घंटे में पुलिस ने खंगाले 300 CCTV

रतलाम । पुलिस ने करीब 5 करोड़ 41 लाख रुपए के सोना-चांदी के आभूषणों की लूट का खुलासा किया है। पुलिस ने वारदात में शामिल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से लूटे गए आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस ने यह कार्रवाई महज 48 घंटे में पूरी की।
बस से रतलाम आ रहे थे व्यापारी
रतलाम के सोना-चांदी व्यापारी अर्पित चोरड़िया कारोबार के सिलसिले में बड़नगर से बस के जरिए रतलाम आ रहे थे। रात करीब 9 बजे 5 लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने व्यापारी से मारपीट की और उनके पास रखे सोना-चांदी के आभूषणों के डिब्बे लेकर फरार हो गए।
व्यापारी के पास 4.167 किलोग्राम सोने और 4.047 किलोग्राम चांदी के आभूषण थे। घटना के बाद अर्पित चोरड़िया ने बिलपांक थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

300 से ज्यादा CCTV कैमरों की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने करीब 300 से ज्यादा CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची और 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से करीब 5 करोड़ 41 लाख रुपए कीमत के लूटे गए सोना-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।

IG राकेश गुप्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जानकारी
उज्जैन रेंज के IG राकेश गुप्ता रतलाम पहुंचे और प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लूट का खुलासा किया। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी से जुड़ी जानकारी साझा की।
CM ने पुलिस टीम को दी बधाई
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रतलाम पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए टीम को बधाई दी। उन्होंने 48 घंटे में आरोपियों को पकड़ने और लूटा गया सोना-चांदी बरामद करने वाली पुलिस टीम की प्रशंसा की।
वहीं, मध्यप्रदेश पुलिस के DGP ने कार्रवाई में शामिल अधिकारियों और जवानों के नाम की सूची मांगी है। सफल कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को उचित इनाम देने की बात भी कही गई है।