| |

मऊगंज में नदी में डूबे दो बच्चों की मौत: 5 घंटे चला रेस्क्यू; झड़ियों में फंसा था शव

मऊगंज। नईगढ़ी थाना क्षेत्र के हरदी तिवारियान गांव में नदी में नहाने गए दो की डूबने से मौत हो गई। दोनों शनिवार शाम स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में शामिल होने के बाद नहाने नदी पर गए थे। पानी का बहाव तेज होने के कारण दोनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए। रविवार सुबह SDRF की टीम ने करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद दोनों के शव बरामद किए।

15 अगस्त के कार्यक्रम के बाद नदी में गए थे
प्रकाश सिंह (14), पिता सुरेंद्र सिंह और ऋतिक मिश्रा (13), पिता राजकुमार मिश्रा, हरदी तिवारियान गांव के रहने वाले थे। दोनों नईगढ़ी के संस्कारधानी विद्यालय में कक्षा 6वीं के छात्र थे।

शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद दोनों घर पहुंचे। भोजन करने के बाद दोनों नहाने के लिए नदी की ओर चले गए। नदी में पानी अधिक था और बहाव भी तेज था। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए।

रात में रोकना पड़ा रेस्क्यू
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों किशोरों की तलाश शुरू की। देर शाम तक तलाश के बावजूद दोनों का पता नहीं चल सका। अंधेरा होने के कारण रात में SDRF का सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा।

रविवार सुबह SDRF की टीम ने दोबारा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब सुबह 6 बजे प्रकाश सिंह का शव बरामद कर लिया गया।

500 मीटर दूर झाड़ियों में फंसा मिला दूसरा शव
SDRF की टीम ने दूसरे किशोर ऋतिक मिश्रा की तलाश जारी रखी। करीब 11:45 बजे घटनास्थल से लगभग 500 मीटर दूर झाड़ियों में उसका शव फंसा मिला।

SDRF के अनुसार नदी का रास्ता संकरा और दुर्गम होने के कारण रेस्क्यू बोट से सर्चिंग में परेशानी आ रही थी। टीम ने पानी में उतरकर कॉम्बिंग की और करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दूसरे किशोर का शव बरामद किया।

नईगढ़ी थाना प्रभारी गोविंद तिवारी ने बताया कि दोनों शव पुलिस के सुपुर्द कर दिए गए हैं। मर्ग कायम कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी भेजा जाएगा।

Share