|

लगातार नाकामी का खामियाजा, बैजबॉल शुरू करने वाले मैकुलम को इंग्लैंड ने हटाय

इंग्लैंड क्रिकेट में चार साल तक टेस्ट टीम की पहचान रहे ब्रेंडन मैकुलम अब टेस्ट टीम के मुख्य कोच नहीं रहेंगे। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में 2-1 की हार के बाद यह बड़ा फैसला लिया। मैकुलम के कार्यकाल के आखिरी दौर में टीम का प्रदर्शन लगातार गिरता गया और इंग्लैंड अपने पिछले 9 टेस्ट मुकाबलों में से 7 हार गया। हालांकि मैकुलम फिलहाल इंग्लैंड की व्हाइट-बॉल टीम के कोच बने रहेंगे।

क्या है बैजबॉल?

मैकुलम के आने से पहले इंग्लैंड की टेस्ट टीम संघर्ष के दौर से गुजर रही थी। टीम पिछले 17 टेस्ट में सिर्फ एक जीत दर्ज कर सकी थी। इसके बाद मैकुलम और स्टोक्स ने खिलाड़ियों को निडर होकर खेलने की आजादी दी। हालात चाहे जैसे हों, लक्ष्य सिर्फ सकारात्मक और तेज बल्लेबाजी करना था। मैकुलम का उपनाम “बाज” था, जिससे प्रेरित होकर इस रणनीति को “बैजबॉल” नाम मिला। इसका उद्देश्य टेस्ट क्रिकेट को अधिक आक्रामक और मनोरंजक बनाना था।

स्टोक्स के संन्यास के बाद खत्म हुआ एक दौर

न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज हारने के कुछ ही दिनों बाद टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया था। अब मैकुलम की विदाई के साथ वह जोड़ी भी टूट गई, जिसने 2022 में इंग्लैंड के टेस्ट क्रिकेट की तस्वीर बदल दी थी। स्टोक्स और मैकुलम ने मिलकर जिस आक्रामक सोच को अपनाया, उसे पूरी दुनिया “बैजबॉल” के नाम से जानने लगी।

मैकुलम बोले – फैसले का सम्मान करता हूं

पद से हटाए जाने के बाद मैकुलम ने कहा कि इंग्लैंड टेस्ट टीम के साथ बिताया गया समय उनके करियर के सबसे यादगार अनुभवों में से एक रहेगा। उन्होंने कहा कि टीम ने मिलकर कई उपलब्धियां हासिल कीं, जिन पर उन्हें गर्व है। उन्होंने ECB के फैसले का सम्मान करते हुए आने वाले समय के लिए टीम को शुभकामनाएं दीं और कहा कि अब उनका पूरा ध्यान व्हाइट-बॉल क्रिकेट पर रहेगा।

शानदार शुरुआत, लेकिन अंत रहा निराशाजनक

मैकुलम ने 2022 में टेस्ट टीम की कमान संभाली थी। शुरुआती दौर में इंग्लैंड ने लगातार जीत दर्ज कर नई पहचान बनाई। पहले 11 टेस्ट में टीम ने 10 मुकाबले अपने नाम किए, लेकिन इसके बाद प्रदर्शन लगातार गिरता चला गया। उनके पूरे कार्यकाल में इंग्लैंड ने 49 टेस्ट खेले, जिनमें 27 जीते, 20 हारे और 2 मुकाबले ड्रॉ रहे। दिलचस्प बात यह रही कि उनकी कोचिंग का पहला टेस्ट न्यूजीलैंड के खिलाफ था और आखिरी झटका भी उसी टीम के हाथों मिला।

अब नए कोच और कप्तान की तलाश

स्टोक्स के संन्यास और मैकुलम की विदाई के बाद इंग्लैंड की टेस्ट टीम फिलहाल नए कप्तान और नए मुख्य कोच की तलाश में है। ECB ने जल्द नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है। एंड्रयू फ्लिंटॉफ, रिचर्ड डॉसन, रयान कैंपबेल और जस्टिन लैंगर जैसे नाम चर्चा में हैं। वहीं कप्तानी की दौड़ में हैरी ब्रूक सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। मैकुलम हालांकि 2027 वनडे विश्व कप तक इंग्लैंड की व्हाइट-बॉल टीम के साथ जुड़े रहेंगे।

Share