| |

धार में पराग स्वीट्स की फैक्ट्री में फंगस लगी गुजिया मिली: प्रशासन ने मौके पर ही कराया नष्ट; खाद्य विभाग ने बनाया प्रकरण

धार। शहर की प्रसिद्ध पराग स्वीट्स की मिठाई फैक्ट्री पर शुक्रवार को राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने अचानक छापामार कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान बड़ी मात्रा में गुजिया में फंगस पाया गया। अधिकारियों के अनुसार दूषित खाद्य सामग्री स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकती है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम ने फंगस लगी गुजिया को मौके पर ही नष्ट करवा दिया। SDM राजकुमार हदार के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने फैक्ट्री में तैयार किए जा रहे खाद्य पदार्थों की जांच की। निरीक्षण के दौरान मिली दूषित गुजिया को जब्त कर मौके पर ही नष्ट कराया गया।

खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत बनाया गया प्रकरण
खाद्य विभाग ने मामले में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत प्रकरण तैयार किया है। अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालक को खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, साफ-सफाई और गुणवत्ता के मानकों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी।

नियम तोड़े तो होगी कड़ी कार्रवाई
अधिकारियों ने कहा कि आम लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Share