| |

एयरो सिटी से फ्लाईओवर तक: आइडीए की बैठक में विकास की बड़ी तस्वीर; सुपर कॉरिडोर पर 25 एकड़ में एयरो सिटी का प्रस्ताव

इंदौर। सुपर कॉरिडोर और एयरपोर्ट क्षेत्र के विकास को लेकर अगले सप्ताह होने वाली इंदौर विकास प्राधिकरण (आइडीए) की बोर्ड बैठक अहम मानी जा रही है। बैठक में योजना क्रमांक 172 में करीब 25 एकड़ में प्रस्तावित एयरो सिटी, रोबोट और रेडिसन चौराहे के फ्लाईओवर समेत कई बड़े विकास प्रस्ताव रखे जाएंगे। बोर्ड की मंजूरी मिलने के बाद इन परियोजनाओं को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो सकता है।

मंगलवार को होने वाली यह बैठक संभागायुक्त और आइडीए अध्यक्ष के स्थानांतरण के बाद पहली बोर्ड बैठक होगी। इसमें चल रहे विकास कार्यों के लिए बजट स्वीकृति के साथ नए प्रोजेक्ट और व्यावसायिक भूखंडों से जुड़े प्रस्तावों पर भी निर्णय होने की संभावना है।

एयरपोर्ट क्षेत्र में बढ़ेंगी व्यावसायिक गतिविधियां
योजना क्रमांक 172 में करीब 25 एकड़ जमीन पर एयरो सिटी विकसित करने की तैयारी है। यहां होटल, आईटी और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के लिए बड़े भूखंड तैयार किए जाएंगे। एयरपोर्ट और सुपर कॉरिडोर क्षेत्र में लगातार बढ़ती व्यावसायिक गतिविधियों को देखते हुए आइडीए इसे शहर के नए कारोबारी केंद्र के रूप में विकसित करना चाहता है।

17 हेक्टेयर में बनेगा कन्वेंशन सेंटर
सुपर कॉरिडोर पर करीब 17 हेक्टेयर जमीन में कन्वेंशन सेंटर विकसित करने का प्रस्ताव है। इसमें करीब 10 हजार लोगों के बैठने की क्षमता होगी। पीपीपी मॉडल पर प्रस्तावित इस प्रोजेक्ट में छह हेक्टेयर जमीन व्यावसायिक उपयोग के लिए रखी गई है। यहां होटल, कॉर्पोरेट ऑफिस और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां विकसित की जानी हैं। पहले टेंडर में किसी कंपनी के आगे नहीं आने के बाद आइडीए अब नए सिरे से इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने की तैयारी कर रहा है।

रोबोट और रेडिसन चौराहे पर बनेंगे फ्लाईओवर
रोबोट और रेडिसन चौराहे पर प्रस्तावित फ्लाईओवर को लेकर आइडीए फिजिबिलिटी सर्वे पूरा कर चुका है। अब बोर्ड की मंजूरी के बाद इनके टेंडर की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। दोनों फ्लाईओवर बनने से रिंग रोड के इन व्यस्त हिस्सों में ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है।

व्यावसायिक भूखंडों की बिक्री पर भी होगा फैसला
बोर्ड बैठक में व्यावसायिक भूखंडों की बिक्री और टेंडर से जुड़े प्रस्ताव भी रखे जाएंगे। इसके अलावा विभिन्न विकास कार्यों के लिए बजट स्वीकृति और नए प्रोजेक्ट को लेकर भी निर्णय संभावित है।

Share