20 लाख की सोयाबीन हड़पने की साजिश बेनकाब: ट्रक खाई में गिराकर लगाई आग; हादसा दिखाकर क्लेम लेने की थी तैयारी

देवास। करीब 20 लाख रुपए कीमत की सोयाबीन हड़पने और इंश्योरेंस व एक्सीडेंट क्लेम लेने के लिए ट्रक को खाई में गिराकर आग लगाने की साजिश का कन्नौद पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने ट्रक मालिक समेत तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और आगजनी की धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने एक आरोपी ड्राइवर को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
हिंगनघाट के लिए भेजी गई थी 285 क्विंटल सोयाबीन
पुलिस के मुताबिक आगर मालवा की फर्म मेसर्स गोविंद कुमार श्याम सुंदर से 20 अगस्त को ट्रक क्रमांक एमपी04एचई4288 में 285 क्विंटल यानी 320 बोरी सोयाबीन महाराष्ट्र के हिंगनघाट के लिए लोड की गई थी। 23 अगस्त को सिया घाट के पास ट्रक खाई में गिर गया और उसमें आग लग गई। इसके बाद ट्रक मालिक शादाब निवासी सारंगपुर ने व्यापारी गोविंद अग्रवाल को हादसे की सूचना दी।

मौके पर सिर्फ 20-25 क्विंटल सोयाबीन मिली
हादसे की सूचना मिलने के बाद व्यापारी मौके पर पहुंचे तो वहां करीब 20 से 25 क्विंटल सोयाबीन ही बिखरी मिली। जबकि ट्रक में लोड करीब 260 क्विंटल सोयाबीन गायब था। मौके पर मिली बोरियां भी उन बोरियों से अलग थीं, जिनमें सोयाबीन भेजी गई थी। इस पर व्यापारी ने आरोपियों से सवाल किए तो उन्हें कथित तौर पर घाटी से धकेलकर जान से मारने की धमकी दी गई।
एक्सीडेंट की FIR दर्ज कराने का दबाव बना रहे थे
टीआई तहजीब काजी के अनुसार आरोपी पुलिस पर ट्रक हादसे की एफआईआर दर्ज करने का दबाव बना रहे थे। जांच के दौरान पुलिस को मामले में संदेह हुआ। इसके बाद गहन जांच की गई तो ट्रक को हादसा दिखाकर सोयाबीन हड़पने की साजिश सामने आई।
ट्रक मालिक समेत तीन पर केस, ड्राइवर हिरासत में
पुलिस ने ट्रक मालिक शादाब, ड्राइवर गोलू उर्फ शोएब और रईस शाह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर रईस को हिरासत में लिया है। उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। वहीं फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।