| |

बिपाशा बसु की प्रोटीन ड्रिंक में मिले कीड़े: एक्ट्रेस ने FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे को किया टैग; बोलीं- आप ही हमारी उम्मीद

मुंबई। एक्ट्रेस बिपाशा बसु के प्रोटीन पाउडर में निकले कीड़े। बिपाशा बसु ने प्रोटीन पाउडर को लेकर शिकायत की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें नए खोले गए प्रोटीन पाउडर के जार में छोटे-छोटे कीड़े दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) के कमिश्नर तुकाराम मुंढे को टैग किया। उन्होंने उनसे मामले में कार्रवाई और जांच की अपील की है।

बिपाशा ने वीडियो में क्या दिखाया?
बिपाशा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर प्रोटीन ड्रिंक का वीडियो शेयर किया। वीडियो में उन्होंने एक छोटा सा कीड़ा अपनी उंगली पर दिखाया। एक्ट्रेस ने बताया कि यह नया जार था, जिसे हाल ही में खोला गया था। पाउडर में कई छोटे-छोटे कीड़े दिखाई दिए। उन्होंने तुकाराम मुंढे को टैग करते हुए उनसे मदद की अपील की। बिपाशा ने कहा कि वे चाहती हैं कि लोगों को खरीदे गए सामान में खराब या मिलावटी चीजें न मिलें।

श्वेता तिवारी भी कर चुकी हैं शिकायत
फूड सेफ्टी को लेकर एक्ट्रेस श्वेता तिवारी भी कुछ समय पहले तुकाराम मुंढे को टैग कर चुकी हैं। उन्होंने ऑनलाइन ऑर्डर किए गए एनर्जी ड्रिंक में कॉकरोच मिलने का दावा किया था। श्वेता ने सोशल मीडिया वीडियो में बताया था कि उन्होंने इंस्टामार्ट से ड्रिंक मंगाया था। पैकेज खोलने के बाद उन्हें कॉकरोच दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने तुकाराम मुंढे से मामले पर ध्यान देने की अपील की थी।

प्रीति जिंटा और ट्विंकल खन्ना ने भी किया रिएक्ट
महाराष्ट्र में फूड सेफ्टी को लेकर तुकाराम मुंढे की कार्रवाई की चर्चा के बीच एक्ट्रेस प्रीति जिंटा भी उनके समर्थन में नजर आई थीं। उन्हें ‘टीम तुकाराम मुंढे’ लिखी टी-शर्ट में देखा गया था।

वहीं, ट्विंकल खन्ना ने भी मुंढे की इंस्पेक्शन को लेकर सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने सवाल उठाया था कि किसी सरकारी अधिकारी का अपना काम करना खबर क्यों बन रहा है।

सलमान खान ने भी लिया था मजाकिया अंदाज में नाम
सलमान खान भी हाल ही में तुकाराम मुंढे के नाम को लेकर मजाक करते नजर आए थे। उन्होंने बांद्रा में खुले एक कैफे का वीडियो शेयर करते हुए वहां क्वालिटी और हाइजीन बनाए रखने की बात कही थी। सलमान ने पोस्ट में सीधे तुकाराम मुंढे का नाम नहीं लिया था, लेकिन ‘HIM’ का इस्तेमाल किया था। इसे महाराष्ट्र में फूड सेफ्टी से जुड़ी मौजूदा चर्चाओं से जोड़कर देखा गया।

Share